ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने मंगलवार को फैजाबाद प्रेस क्लब में ‘जेन-जी महाजुटान यात्रा’ का आयोजन किया. इसमें शामिल होने के लिए AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी मंगलवार (15 सितंबर) को पहुंची. इस दौरान नेहा बोरा ने प्रदेश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि धर्म और राम मंदिर के नाम पर फैलाए गए ‘डर, हिंसा और नफरत’ का सबसे अधिक नुकसान अयोध्या-फैजाबाद के आम लोगों को हुआ है.
फैजाबाद प्रेस क्लब में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बोरा ने कहा कि 1990 के दशक में शुरू हुआ ‘नफरत का अभियान’ अयोध्या को डर का केंद्र बना गया. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने बच्चों और युवाओं को इस अभियान का हिस्सा बनाया, वो आज उत्तर प्रदेश में सत्ता में हैं.
यूपी: योगी कैबिनेट के 23 बड़े फैसले, स्मार्ट स्कूल, किसानों से अग्निवीर तक को राहत
‘नफरत का अभियान चलाने वाले आज सत्ता में’
उन्होंने कहा कि इस अभियान का नेतृत्व करने वाले लोग आज सत्ता में हैं और युवा पीढ़ी का भविष्य खराब कर रहे हैं. उन्होंने किसी संगठन या व्यक्ति का नाम लिए बिना कहा, “जिन लोगों ने आपके बच्चों को डर के अभियान का हिस्सा बनाया, वो आज आपके राज्य में सत्ता में बैठे हैं और उन्हीं बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं.”
बोरा ने आरोप लगाया कि जब भी अयोध्या और धर्म के नाम पर हिंसा व नफरत को बढ़ावा दिया गया, तब सबसे ज्यादा नुकसान फैजाबाद-अयोध्या के आम निवासियों को उठाना पड़ा. उन्होंने दावा किया कि मंदिर निर्माण और राजनीतिक सत्ता हासिल करने की प्रक्रिया में जिन लोगों के घर ढहाए गए और दुकानें तोड़ी गईं, वो भी इसी शहर के आम निवासी थे.
चढ़ावा चोरी पर लगाए गंभीर आरोप
बोरा ने राम मंदिर के चंदे में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म का इस्तेमाल राजनीतिक और आर्थिक लाभ के लिए किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिरों में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाया जाने वाला चढ़ावा धर्म या मंदिरों के बजाय सत्ता में बैठे लोगों तक पहुंच रहा है.
योगी सरकार की बुलडोजर नीति को घेरा
उन्होंने उत्तर प्रदेश की ‘बुलडोजर न्याय’ व्यवस्था की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि जिन लोगों के घर गिराए गए, उनमें गरीब, दलित और मुस्लिम परिवारों समेत आम लोग शामिल हैं. उन्होंने कहा कि ‘सत्ता का प्रतीक’ बना बुलडोजर प्रदेश के लोगों की बेबसी का भी प्रतीक है. बोरा ने कहा कि अयोध्या के लोग ‘हिंसा, नफरत और लूट’ से छुटकारा चाहते हैं.
‘जेन-जी महाजुटान’ अभियान क्यों?
दरअसल, AISA अध्यक्ष अयोध्या में संगठन के उत्तर प्रदेश में चल रहे ‘जेन-जी महाजुटान’ अभियान के तहत पहुंची थीं. अभियान के तहत बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक न्याय और सरकारी भर्ती परीक्षाओं तथा नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को उठाया जा रहा है. AISA के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मनीष ने बताया कि अभियान बुधवार को लखनऊ पहुंचेगा, जहां संवाददाता सम्मेलन के बाद रायबरेली और अलीगढ़ का दौरा किया जाएगा.
