उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान बड़ी घटना हो गई, जब दक्षता परीक्षा के दौरान दौड़ लगाते समय कुछ अभ्यार्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्होंने आनन-फानन में अस्पताल भर्ती कराया गया. इस बीच अस्पताल में भर्ती एक अभ्यार्थी की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी.
खबर के मुताबिक मंगलवार को मेरठ के सिविल लाइंस स्थित कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में होमगार्ड्स भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन किया गया था. इस परीक्षा में कुल 1,017 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. इसी बीच परीक्षा के दौरान 11 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, मेरठ ले जाया गया.
इन अभ्यार्थियों की तबीयत अचानक कैसे खराब हुई इसकी जानकारी नहीं मिल पाई हैं. हालांकि ये माना जा रहा है कि मंगलवार को उमस, गर्मी और धूप की वजह से भी हो सकता है कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई हो. हालांकि इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
दो अभ्यार्थी अब भी अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने बताया कि उपचार के बाद आठ अभ्यर्थियों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. जबकि, दो अभ्यार्थियों का उपचार किया जा रहा है. उपचाराधीन अभ्यर्थियों में शामली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लिसाड़ गांव निवासी अंकुज मलिक (39) भी शामिल थे.
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में मंगलवार को बाथरूम जाते समय अंकुज नाम का अभ्यार्थी अचानक मूर्छित होकर गिर पड़ा. प्रथम दृष्टया उनकी मौत हृदयाघात से होने की आशंका है. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले की जाँच में जुट गई है. आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
बता दें कि मंगलवार को यूपी में होमगार्ड के करीब 40,422 पदों पर भर्ती के लिए अलग-अलग जिलों में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजन किया गया था.
‘नाराज फूफा’ कौन है?, जयंत चौधरी के करीबी नेता ने बताई पूरी कहानी
