राजस्थान के डूंगरपुर जिले कि सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है. चुनावी मैदान में बीजेपी ने अपनी तैयारियों को तेज करते हुए संगठन और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना शुरू कर दिया है. इसी बीच डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व सभापति और स्वच्छता को लेकर अपनी अलग पहचान बनाने वाले केके गुप्ता की सागवाड़ा चुनाव में सक्रिय एंट्री ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है.
केके गुप्ता ने सागवाड़ा में बीजेपी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया. इस दौरान सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, बीजेपी जिलाध्यक्ष अशोक पटेल सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. बैठक में वार्ड स्तर पर चुनावी तैयारियों, प्रत्याशियों के प्रचार और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की गई.
राजस्थान: मंत्री मदन दिलावर के गढ़ में BJP को झटका, कांग्रेस निर्विरोध जीती
विधायक शंकर डेचा के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की तैयारी
बैठक के दौरान के.के.गुप्ता ने कहा कि सागवाड़ा में विकास और स्वच्छता को चुनावी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए आगे बढ़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि विधायक शंकरलाल डेचा के नेतृत्व में सागवाड़ा को स्वच्छता और विकास के क्षेत्र में एक बेहतर मॉडल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा.
गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल चुनावी प्रचार तक सीमित न रहें, बल्कि जनता के बीच जाकर स्थानीय समस्याओं को समझें और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं. उन्होंने स्वच्छता को शहर की पहचान और बेहतर नागरिक सुविधाओं से जोड़ते हुए बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर काम करने की अपील की.
डूंगरपुर के स्वच्छता मॉडल का सागवाड़ा में जिक्र
केके गुप्ता की पहचान डूंगरपुर नगर परिषद के दौरान स्वच्छता अभियान से जुड़े प्रयासों को लेकर रही है. उनके कार्यकाल में शहर की स्वच्छता व्यवस्था और इससे जुड़े अभियानों को लेकर लगातार चर्चा हुई थी. यही वजह है कि सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव में उनकी सक्रियता को बीजेपी की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
अब गुप्ता सागवाड़ा में भी स्वच्छता और विकास को लेकर अपने अनुभव को चुनावी अभियान से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना है कि शहर को साफ-सुथरा रखने के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं, सड़क, नालियों, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं पर भी प्रभावी तरीके से काम किया जाना चाहिए.
बीजेपी कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों को दिया जीत का मंत्र
चुनावी बैठक में बीजेपी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया. पार्टी की कोशिश है कि प्रत्येक वार्ड में संगठन को मजबूत किया जाए और प्रत्याशियों के पक्ष में प्रभावी चुनावी माहौल तैयार किया जाए.
बैठक में स्थानीय मुद्दों के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई. बीजेपी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को दूर रखते हुए पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया.
सागवाड़ा में बीजेपी बोर्ड बनाने का लक्ष्य
बीजेपी की ओर से सागवाड़ा नगर पालिका में बोर्ड बनाने का लक्ष्य रखा जा रहा है. केके गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी की जीत को लेकर विश्वास जताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर बीजेपी सागवाड़ा में बेहतर प्रदर्शन करेगी.
हालांकि नगर पालिका चुनाव में वार्ड स्तर के समीकरण काफी महत्वपूर्ण होते हैं. स्थानीय प्रत्याशी की पकड़, मतदाताओं से जुड़ाव, स्थानीय समस्याएं और पार्टी संगठन की सक्रियता चुनाव परिणाम पर सीधा असर डाल सकती है. ऐसे में बीजेपी के सामने सभी वार्डों में संगठनात्मक तालमेल बनाए रखना भी बड़ी चुनौती होगी.
स्वच्छता और विकास पर कितना असर पड़ेगा?
सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव में इस बार स्वच्छता और विकास के मुद्दे को लेकर बीजेपी की रणनीति पर नजर रहेगी. केके गुप्ता की स्वच्छता से जुड़ी पहचान को पार्टी किस तरह चुनाव अभियान में इस्तेमाल करती है, यह भी महत्वपूर्ण होगा.
वहीं, विपक्षी दल भी स्थानीय मुद्दों को लेकर बीजेपी को घेरने की तैयारी में जुटे हैं. ऐसे में चुनावी मुकाबला केवल राजनीतिक दलों के बीच नहीं रहेगा, बल्कि वार्ड स्तर के स्थानीय समीकरण और प्रत्याशियों की व्यक्तिगत छवि भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
केके गुप्ता की सागवाड़ा में सक्रियता के बाद बीजेपी के चुनावी अभियान को नई दिशा मिलने के संकेत हैं. विधायक शंकरलाल डेचा के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने और स्वच्छता-विकास को प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच पहुंचने की रणनीति तैयार की जा रही है.
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या डूंगरपुर का स्वच्छता मॉडल सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव में बीजेपी के लिए सियासी फायदा लेकर आएगा? और क्या बीजेपी अपने बोर्ड के लक्ष्य को हासिल कर पाएगी? इसका जवाब चुनाव परिणाम आने के बाद ही सामने आएगा.
डूंगरपुर निकाय चुनाव: कांग्रेस ने लगाया आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
