दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के तहत नाम जोड़ने, हटाने और मतदाता विवरण में सुधार कराने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) दिल्ली द्वारा जारी दैनिक बुलेटिन के अनुसार, 3 सितंबर 2026 तक विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं.
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 के 2,25,586 आवेदन आए हैं, जबकि मतदाता विवरण में सुधार या पता बदलने के लिए फॉर्म-8 के 2,67,032 आवेदन प्राप्त हुए हैं. SIR के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 31 अगस्त 2026 से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है.
इस दौरान दिल्ली के मतदाता अपनी मतदाता सूची की जांच कर सकते हैं और यदि नाम में कोई कमी या गलती है तो निर्धारित फॉर्म भरकर सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं जिसको लेकर महज 4 दिनों में बड़ी संख्या में लोगो की अर्जी पहुच रही है.
निशु आजाद केस पर बोले CJP के सौरव दास, ‘हमें फिर से सड़कों पर…’
कौन सा फॉर्म किस काम के लिए?
फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने के लिए काम आता है. अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है. चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन युवाओं की उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी, वे भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए आवश्यक घोषणा और चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित सहायक दस्तावेज जमा करने होंगे.
फॉर्म-6A: विशेष श्रेणी के मतदाता के लिए काम आता है. फॉर्म-6A के माध्यम से भी मतदाता सूची से जुड़े आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं. दिल्ली में अब तक इस फॉर्म के 1,380 आवेदन आए हैं.
फॉर्म-7: नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस्तेमाल होता है. अगर किसी व्यक्ति को लगता है कि मतदाता सूची में किसी नाम को लेकर आपत्ति है या कोई नाम नियमों के अनुसार सूची में नहीं होना चाहिए, तो फॉर्म-7 के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है. दिल्ली में अब तक 51,589 फॉर्म-7 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
फॉर्म-8: पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए यूज होता है. अगर किसी मतदाता का पता बदल गया है या मतदाता सूची में नाम, उम्र अथवा अन्य विवरण में कोई गलती है, तो फॉर्म-8 भरकर संशोधन कराया जा सकता है. इस श्रेणी में सबसे अधिक 2,67,032 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
फॉर्म-6 के आए सबसे ज्यादा आवेदन
जिलावार आंकड़ों में पश्चिमी दिल्ली में फॉर्म-6 के सबसे अधिक 30,429 आवेदन आए हैं. वहीं, फॉर्म-8 के मामलों में भी बड़ी संख्या में मतदाता अपने विवरण में बदलाव और सुधार के लिए आगे आए हैं. दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 अगस्त 2026 को प्रकाशित कर दी गई है.
मतदाता इसे मुख्य निर्वाचन अधिकारी दिल्ली की वेबसाइट पर देखने और डाउनलोड करने के साथ-साथ अपने मतदान केंद्र पर भी जांच सकते हैं. चुनाव विभाग के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण 29 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.
दिल्ली-NCR में भारी बारिश के बीच पानी-पानी हुआ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, यात्री परेशान
