Headlines

लखनऊ में समरीन हत्या में आरोपी बॉयफ्रेंड ने जेल में लगाई फांसी, तौलिए से लगाया फंदा


लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर हुई समरीन की मौत के मामले में जेल में बंद आरोपी बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. आरोपी अवनीश इस मामले में लखनऊ की जिला जेल में बंद था. गुरुवार सुबह उसका शव बाथरूम में तौलिए के फंदे से लटकता हुआ मिला. मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है. 

तौलिए से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या

ख़बर के मुताबिक गुरुवार सुबह अवनीश जायसवाल का शव जेल के बाथरूम में तौलिये के फंदे से लटका मिला. इस घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया, जेल के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद शव को फंदे से उतारा गया. घटना स्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इस मामले की जांच की जा रही है. 

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 12 अक्टूबर को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर एक युवती समरीन की मौत हो गई थी. पुलिस की जाँच में सामने आया कि समरीन इस होटल में अपने बॉयफ़्रेंड अवनीश जायसवाल के साथ रुकी हुई थी. दोपहर क़रीब 12 बजे दोनों ने होटल में चेक इन किया और शाम 6 बजे दसवीं मंज़िल से गिरकर उसकी मौत हो गई. घटना के बाद अवनीश होटल से फ़रार हो गया था.

समरीन के परिजनों ने उसके बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल पर हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने अवनीश पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था. इसके बाद 15 अक्टूबर को अवनीश ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था और जहां से उसे जेल भेज दिया गया था. इसके बाद से ही अवनीश लखनऊ की जिला जेल में बंद था. 

गुरुवार सुबह अवनीश ने जेल के बैरक में तौलिए से फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी. जेल के अंदर उसकी मौत की खबर से मामले में नया मोड़ आ गया है. पुलिस अधिकारी अवनीश के साथ रहने वाले दूसरे कैदियों से पूछताछ कर रहे हैं और आत्महत्या की वजह जानने की कोशिश में जुटे हुए हैं. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. 

इनपुट- शानू



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *