श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम मंगलवार दोपहर कोलंबो के लिए रवाना हुई. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से ये सीरीज महत्वपूर्ण है। पहला टेस्ट 15 अगस्त से शुरू होगा। इससे पहले शुभमन गिल एंड टीम श्रीलंकाई XI के साथ वार्म-आप मैच खेलेगी। जब से गिल टेस्ट में कप्तान बने हैं, शानदार फॉर्म में हैं. वह 1 दोहरा शतक और 5 शतक लगा चुके हैं. अब श्रीलंका में धमाल मचाने को तैयार हैं. हालांकि इस टीम के खिलाफ भारत के सिर्फ 3 बल्लेबाज ही टेस्ट में दोहरा शतक लगा पाए हैं. विराट कोहली 2 बार ये कारनामा कर चुके हैं.
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है. उन्होंने 2009 में ब्रेबोर्न स्टेडियम में 293 रनों की पारी खेली थी. वह ट्रिपल सेंचुरी से चूक गए थे. उस पारी में उन्होंने 40 चौके और 7 छक्के लगाए थे. सहवाग भी विराट कोहली की तरह श्रीलंका के खिलाफ 2 बार डबल सेंचुरी लगा चुके हैं. इन दोनों के आलावा सिर्फ एक और भारतीय बल्लेबाज है, जो ये कारनामा कर पाया है.
श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
1. वीरेंद्र सहवाग: विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करने के लिए पहचाने जाने वाले सहवाग ने श्रीलंका के खिलाफ 2009 में 293 रनों की पारी खेली थी. इसके आलावा उन्होंने 2008 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 201 रन बनाए थे. वो मैच गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में हुआ था.
2. विराट कोहली: पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में 2 बार दोहरा शतक लगाया है. उन्होंने नवंबर, 2017 में नागपुर में खेले गए टेस्ट में 213 रन बनाए थे. इसके अगले ही टेस्ट में उन्होंने दूसरा दोहरा शतक लगा दिया था. दिसंबर, 2017 में दिल्ली में हुए टेस्ट में कोहली ने 243 रनों की शानदार पारी खेली थी.
यह भी पढ़ें- उतरा हेलमेट, निकला ‘थाला’, 45 की उम्र में सुपरबाइक दौड़ाते दिखे धोनी
3. सचिन तेंदुलकर: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने जुलाई, 2010 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में हुए टेस्ट में 203 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 23 चौके और 1 छक्का जड़ा था.
सीरीज से पहले होगा अभ्यास मैच
2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया कोलंबो पहुंच गई है, जहां सीरीज शुरू होने से पहले भारत बनाम श्रीलंकाई XI के बीच अभ्यास मैच होगा. पहले ये मैच 4 दिन का होना था, लेकिन आखिरी समय में इसे घटाकर 3 दिवसीय कर दिया गया है. हालांकि इसके पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इसे 3 दिन का क्यों किया गया. अभ्यास मैच 7 अगस्त से 9 अगस्त तक खेला जाएगा.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में टीम इंडिया पांचवें स्थान पर है. भारत ने इस चक्र में अभी तक 9 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 4 जीते और इतने ही हारे हैं. श्रीलंका की बात करें तो उन्होंने 4 में से सिर्फ 1 मैच जीता है, 1 हारा और 2 ड्रा रहे हैं. श्रीलंका तालिका में भारत से एक स्थान नीचे छठे स्थान पर है.
श्रीलंका के खिलाफ भारत का टेस्ट स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, (फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर).
यह भी पढ़ें- प्रीति जिंटा को डेट करने पर आई ब्रेट ली की प्रतिक्रिया, बताया क्या है सच
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट शेड्यूल
- 15-19 अगस्त- गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम – सुबह 10 बजे से
- 23-27 अगस्त- सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम – सुबह 10 बजे से.
