Headlines

संभल में सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद पर चला बुलडोजर, I Love Muhammad वाले पोस्टर से मचा बवाल


उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने शनिवार को कब्रिस्तान के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर बनी कथित अवैध मुस्तफा कादरी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया. कसेरुआ गांव स्थित इस मस्जिद पर दो बुलडोजर और एक क्रेन की मदद से कई घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा.

भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चली कार्रवाई

प्रशासन ने संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था. चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई. कार्रवाई के दौरान मस्जिद परिसर से “आई लव मोहम्मद” लिखे पोस्टर और एक हरा झंडा मिलने का दावा किया गया है. पुलिस ने इन सामग्रियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. कार्रवाई से पहले मस्जिद में अजान दी गई.

पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा?

संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि बरामद पोस्टर और झंडे के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है. यह पता लगाया जाएगा कि इन्हें वहां किसने रखा था और इसका क्या उद्देश्य था. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

क्या था पूरा मामला?

प्रशासन के अनुसार, गाटा संख्या 409 की भूमि कब्रिस्तान के लिए आरक्षित थी. जनवरी 2026 में राजस्व विभाग की पैमाइश के दौरान यहां अवैध निर्माण का मामला सामने आया था. इसके बाद तहसीलदार न्यायालय में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत मुकदमा दायर किया गया. मस्जिद समिति को दावे के समर्थन में साक्ष्य पेश करने का मौका दिया गया, लेकिन पर्याप्त दस्तावेज नहीं दिए गए. तहसीलदार न्यायालय ने अवैध कब्जा हटाने का आदेश दिया. इस आदेश को जिलाधिकारी न्यायालय में चुनौती दी गई, लेकिन अपील खारिज होने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई.

प्रशासन का फैसला

संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि अदालती आदेश के बाद कार्रवाई की गई है. कब्जामुक्त भूमि को अब ग्राम सभा के माध्यम से कब्रिस्तान के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर भूमि की जांच की गई थी, जिसमें आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया. 

फिलहाल इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है. क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, लेकिन अभी तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *