दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सत्य निकेतन में हुए हादसे पर तीखी टिप्पणी करते हुए भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया है. इस हादसे में अभी तक 1 शख्स की मौत हो गई है. वहीं 6 लोगों का रेस्क्यू हुआ है. रेस्क्यू किए गए लोगों में से 3 की हालत गंभीर है.
सोशल मीडिया साइट एक्स पर केजरीवाल ने लिखा सत्य निकेतन, दिल्ली में इमारत गिरने का हादसा अत्यंत दुखद और चिंताजनक है. मेरी भगवान से प्रार्थना है कि मलबे में फंसे लोगों का सकुशल और जल्द रेस्क्यू हो जाए. दिल्ली में सरकार की लापरवाही के कारण अब तक कई हादसे हो चुके हैं. सरकार को नींद से जागना होगा. बड़े स्तर पर एक्शन लेकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत है.
दमकल की 17 गाड़ियां मौजूद
बता दें दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक इमारत ढह गई, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.अधिकारी ने बताया कि दमकल की 17 गाड़ियां और विभिन्न विभागों की कई बचाव टीम मौके पर भेजी गई हैं.पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और इलाके की घेराबंदी कर दी गई.
दिल्ली में भरभराकर ढही बिल्डिंग, कई लोगों के दबे होने की आशंका
आपातकालीन कर्मियों ने मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव अभियान शुरू कर दिया है.स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने तत्काल बचाव कार्य में मदद शुरू कर दी और मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए हाथों और उपलब्ध उपकरणों की मदद से मलबा हटाया.डीएफएस के अनुसार, दमकलकर्मियों ने मलबे से कुछ लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया.
नीचे एक व्यक्ति का पैर फंसा दिखाई दिया
यह 5 मंजिला इमारत थी.घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में मलबे के नीचे एक व्यक्ति का पैर फंसा दिखाई दिया. दमकलकर्मी उस व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए मलबा हटा रहे हैं.फिलहाल, दिल्ली पुलिस की ओर से घटना या इमारत ढहने के कारणों के संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है.अग्निशमन विभाग यह पता लगाने के लिए भी अभियान चला रहा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति मलबे के अंदर तो नहीं फंसा है. घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है.पुलिस मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य से बार-बार घटनास्थल से दूर रहने की अपील कर रही है.
