सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद पर चले बुलडोजर को लेकर सियासी पारा हाई है. इस बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी इस मसले को लेकर फिर भड़के हुए नजर आए. उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा. मस्जिद को गलत तरीके से गिराया गया है. चोरों की तरह सुबह 5:00 बजे मस्जिद तोड़ी गई.
असदुद्दीन ओवैसी ने मीडिया से बातचीत में कहा, ”योगी आदित्यनाथ को इसका खामियाजा राजनीतिक और संवैधानिक दोनों तरह से भुगतना पड़ेगा. चोरों की तरह सुबह 5:00 बजे मस्जिद को शहीद किया गया है. हाईकोर्ट जाने तक की मोहलत नहीं दी गई.”
#WATCH | Jaipur, Rajasthan: On the Saharanpur mosque demolition controversy, AIMIM Chief Asaduddin Owaisi says, “…When the mosque was constructed, a local Muslim family donated land for both the mosque and the temple. That mosque is a registered Waqf property and enjoys legal… pic.twitter.com/KH90BjC6ew
— ANI (@ANI) September 6, 2026
योगी सरकार को हाईकोर्ट जाने से डर लगता है- ओवैसी
उन्होंने आगे कहा कि योगी सरकार को हाईकोर्ट जाने से डर लगता है क्योंकि वहां उनका पक्ष एक्सपोज हो जाएगा. ओवैसी ने ये भी कहा, ”सहारनपुर की मस्जिद वक्फ प्रॉपर्टी थी. मस्जिद पहले बनी थी और कलेक्ट्रेट परिसर बाद में बना था. मुस्लिम परिवार ने मस्जिद और मंदिर दोनों के लिए जगह दी थी. सिर्फ मस्जिद को ही गिराया गया है.”
‘बीजेपी को फ्रीडम ऑफ रिलीजन के अधिकार से नफरत’
जयपुर में उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा, ”बीजेपी को भारत के संविधान में दिए गए फ्रीडम ऑफ रिलीजन के अधिकार से नफरत है. इसी वजह से पहले जयपुर की मस्जिद तोड़ी गई. इसके बाद अब सहारनपुर की मस्जिद तोड़ी गई है. इस मामले में कतई कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है. मोदी सरकार जो नया वक्फ कानून लेकर आई है, उसका भी पालन नहीं किया गया है. नया वक्फ कानून असंवैधानिक, गंदा और खराब है.”
UCC को लेकर क्या बोले ओवैसी?
असदुद्दीन ओवैसी ने जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए यूनिफॉर्म सिविल कोड पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का यूसीसी हिंदू परंपराओं को थोपने की कोशिश है. भारत में सिर्फ एक समुदाय के लोग नहीं रहते हैं. ऐसे में सारे लोगों पर एक जैसी परंपराएं थोपना गलत है. उनके मुताबिक बीजेपी कभी भी फंडामेंटल राइट्स की बात को नहीं मानती है. इसी वजह से वह यूनिफॉर्म सिविल कोड की आड़ में काम करना चाहती है. बीजेपी मुसलमानो की परंपराओं को खत्म करना चाहती है.
आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने पर क्या बोले ओवैसी?
पार्टी के पूर्व प्रवक्ता आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने पर बोले AIMIM प्रमुख ओवैसी ने कहा, ”उन्हें बीजेपी की बी टीम 10 साल बाद याद आ रही है. हम दुआ करते हैं कि उन्हें कांग्रेस में इज्जत मिले. पार्टी हमेशा बनी रहती है और लोग आते जाते रहते हैं.” असदुद्दीन ओवैसी आज (06 सितंबर) राजस्थान में होने वाले नगर निकाय चुनावों में पार्टी का प्रचार करने के लिए जयपुर पहुंचे थे.
‘अब आपके हाथ में वैध-अवैध…’, सहारनपुर मस्जिद मामले पर बोले इमरान प्रतापगढ़ी
