- पुलिस तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता की जांच जारी रखेगी.
केतन अग्रवाल हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी की पांच दिन की पुलिस रिमांड आज समाप्त हो रही है. दोनों आरोपियों को आज दोपहर करीब 2:30 बजे वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया जाएगा. मामले की सुनवाई पुणे जिले के वडगांव मावल स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ए.एम. विभूते की अदालत में होगी. सिया गोयल की ओर से अधिवक्ता विपुल दूशिंग पक्ष रखेंगे. बताया जा रहा है कि इस मामले की सुनवाई पहले अधिवक्ता आशुतोष श्रीवास्तव कर रहे थे, लेकिन वो अब पैरवी से पीछे हट गए हैं.
वहीं, चेतन चौधरी की ओर से अधिवक्ता राधिकेश उत्तरवार और राम शहाणे पक्ष रखेंगे. सरकारी पक्ष की ओर से राजश्री विरकुड बहस करेंगी. गौर हो कि पिछले पांच दिनों की पुलिस रिमांड के दौरान जांच टीम ने कई अहम पहलुओं की गहन जांच की है. पुलिस को मिले महत्वपूर्ण सुराग आज अदालत में पेश किए जा सकते हैं. इस रिपोर्ट में आपको बतायेंगे कि बीते पांच दिनों की पुलिस रिमांड में किन-किन बिंदुओं पर जांच हुई
केतन अग्रवाल हत्याकांड: सिया से शादी करने के लिए 2-3 साल का वक्त चाहता था चेतन, इस बात का था डर
पांच दिन की पुलिस रिमांड में किन-किन बिंदुओं पर हुई जांच?
1. साजिश कहां रची गई?
पुलिस ने पुणे के लुल्लानगर स्थित उस कैफे की जांच की, जहां कथित तौर पर हत्या की साजिश रची गई थी. सिया गोयल को भी वहां ले जाकर पूछताछ की गई. हत्या की घटना से एक दिन पहले सामने आए CCTV फुटेज में सिया और चेतन को इस कैफे में साजिश रचते देखे गए थे.
2. हत्या की कथित रिहर्सल कहां हुई?
सिया और चेतन ने केतन की हत्या से पहले लोहागढ़ किले की चट्टान से ढकेलने से पहले बाकायदा अभ्यास भी किया था. पुलिस ने लुल्लानगर की एक पहाड़ी पर ले जाकर जांच की कि कथित तौर पर हत्या की योजना का अभ्यास कैसे किया गया था.
3. डिलीट किया गया डेटा रिकवर
दोनों आरोपियों और कर्मचारी नीरज कुमार के मोबाइल फोन से डिलीट डेटा फॉरेंसिक लैब की मदद से रिकवर कर लिया गया है. डिजिटल सबूतों की भी जांच की गई है.
4. घटना के बाद किससे संपर्क किया?
पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश की कि घटना के बाद सिया और चेतन ने किससे मुलाकात की या किससे बातचीत की. क्या उन्होंने किसी के सामने घटना या साजिश का जिक्र किया था?
5. घटनाक्रम की पुनर्रचना
पुलिस ने चेतन चौधरी के साथ क्राइम सीन रीक्रिएशन किया और घटनास्थल पर उसके मूवमेंट का विश्लेषण किया.
6. लोहगढ़ किले पर किससे बातचीत हुई?
हत्या वाले दिन लोहगढ़ किले पर दोनों ने किन लोगों से बात की और सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाली गतिविधियों की जांच की गई.
7. क्या पहले भी हत्या की कोशिश हुई थी?
पुलिस ने 31 मई, 4 जून और 14 जून को कथित तौर पर हत्या के प्रयास से जुड़े पहलुओं की भी घटनास्थल पर जाकर जांच की.
8. केतन अग्रवाल का पासपोर्ट मिला या नहीं?
खालापुर टोल नाके के फूड मॉल में केतन अग्रवाल का पासपोर्ट तलाशने का प्रयास किया गया है, लेकिन अब तक पासपोर्ट नहीं मिल सका है. जांच अधिकारी सिया से केतन के पासपोर्ट के बारे में पूछताछ कर रहे हैं जिसे उसने कथित तौर पर 6 जून को मुंबई की यात्रा के दौरान फेंक दिया था.
9. नए गवाहों के बयान आए सामने
पुलिस का दावा है कि कुछ नए गवाह सामने आए हैं. उनके बयान दर्ज किए गए हैं और आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ भी की गई.
10. क्या पहले से लोहगढ़ की रेकी की गई थी?
पुलिस ने जांच की कि कथित तौर पर सिया और चेतन ने हत्या से पहले लोहगढ़ किले की कितनी बार रेकी की और इस साजिश के लिए कितनी बार मुलाकात की.
11. क्या कोई तीसरा व्यक्ति भी शामिल है?
पुलिस ने इस एंगल पर भी पूछताछ की कि क्या कथित साजिश में किसी तीसरे व्यक्ति की भी भूमिका थी. फिलहाल पुलिस को शक है, लेकिन उसने साफ नहीं किया है कि आखिर उसे किस शख्स पर शक है.
12. घटना वाले दिन इस्तेमाल किए गए सामान की जब्ती
पुलिस ने सिया गोयल के घर से घटना वाले दिन पहने गए कपड़े जब्त किए. वहीं, चेतन चौधरी की घटना वाले दिन पहनी गई पैंट भी जब्त की गई. दरअसल, पांच दिन की पुलिस रिमांड के दौरान इन 12 अहम बिंदुओं पर जांच की गई. पुलिस को मिले सुरागों और जांच की प्रगति को आज अदालत के सामने रखा जा सकता है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि अदालत में जांच से जुड़े कौन से नए तथ्य सामने आते हैं.
केतन अग्रवाल मर्डर केस: क्या सिया-चेतन के अलावा भी कोई शामिल था? तीसरे व्यक्ति की पुलिस को तलाश
