देवभूमि उत्तराखंड की वादियों से एक बेहद खूबसूरत और भक्तिमय वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया है. वीडियो नैनीताल जिले के रामनगर स्थित ‘हिलवुड एकेडमी स्कूल’ (गेबुआ) का बताया जा रहा है. स्कूल की सुबह की प्रार्थना में लगभग 400 नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जिस भक्ति-भाव और सुरीले अंदाज में भजन गाया, उसने इंटरनेट की दुनिया में तहलका मचा दिया है.
400 बच्चों के सुरीले बोल से भक्तिमय हुआ माहौल
वायरल हो रहे इस वीडियो में लाल रंग की यूनिफॉर्म और गले में आई-कार्ड टांगे सैकड़ों स्कूली बच्चे एक साथ प्रार्थना सभा में खड़े नजर आ रहे हैं. बच्चे ‘हनुमान अंश’ फिल्म का बेहद लोकप्रिय और मनमोहक भजन “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैय्या पार करे…” पूरे सुर और ताल के साथ गाते दिख रहे हैं. नन्हे बच्चों के मासूम चेहरों और उनकी सुरीली आवाज से गूंजती इस प्रार्थना ने पूरे इलाके के माहौल को एकदम भक्तिमय बना दिया है. बच्चों के मुख से निकला यह भजन सुनने वालों के कानों और मन को अद्भुत शांति प्रदान कर रहा है.
वीडियो उत्तराखंड का बताया जा रहा है जहां बच्चों ने फिल्म हनुमान अंश के गाने को प्रार्थना के तौर पर गाया. pic.twitter.com/2k0UtSfjTr
— आजाद भारत का आजाद नागरिक (@AnathNagrik) September 21, 2026
एबीपी न्यूज वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता, खबर केवल सोशल मीडिया पर आधारित दावों के आधार पर लिखी गई है.
सर्दी के दिनों का बताया जा रहा है वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो ठंड के मौसम का बताया जा रहा है, जिसमें कई छात्र-छात्राएं सिर पर ऊनी टोपी पहने हुए भी दिखाई दे रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, इस स्कूल में रामनगर, छोई, गेबुआ और बैलपड़ाव समेत आसपास के कई गांवों के करीब 400 बच्चे पढ़ते हैं. जब ये सभी बच्चे एक साथ एक स्वर में हाथ जोड़कर बजरंगबली का ध्यान लगाते हैं, तो वह नजारा वाकई देखने लायक होता है. हालांकि वीडियो को लेकर कहा जा रहा है कि यह वीडियो एडिटेड है और इससे छेड़छाड़ करके गाना अलग से डाला गया है.
यह भी पढ़ें: Video: भीख मांगने के लिए भिखारी ने अपनाया अनोखा तरीका, लोग बोले-टेक्नोलॉजिया
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोग बोले- ‘यही हैं हमारे संस्कार’
इंटरनेट पर जैसे ही यह वीडियो सामने आया, देखते ही देखते शेयर और लाइक की झड़ी लग गई. यूजर्स बच्चों के इस रूप और स्कूल के इस पहल की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि आजकल के दौर में जहां पश्चिमी संस्कृति का प्रभाव बढ़ रहा है, वहीं देवभूमि के इन बच्चों का यह रूप भारतीय संस्कृति और संस्कारों की जीवंत मिसाल है. एक यूजर ने लिखा, “सुबह-सुबह इस भजन को सुनकर दिन बन गया, मासूम बच्चों की आवाज में साक्षात ईश्वर का वास दिख रहा है.”
फिलहाल, नन्हे-मुन्नों की यह भक्तिमयी मॉर्निंग प्रेयर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर जमकर ट्रेंड कर रही है और हर कोई इसे बार-बार देखना पसंद कर रहा है.
यह भी पढ़ें: गणपति पंडाल में फुटबॉल खेलने पहुंचा हाथी, दागे दनादन गोल; देखें वीडियो
