कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के बयान पर जवाब दिया है. रिजिजू ने बिना नाम लिए कहा था कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस से जुड़े नेटवर्क का समर्थन मिल रहा है.
अभिजीत दीपके ने अपने पोस्ट में ऑडियंस डेमोग्राफिक्स की एक स्क्रीन रिकॉर्डिंग शेयर की. उन्होंने दावा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी के 94 प्रतिशत से ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं. दीपके ने लिखा कि उन्होंने यह रिकॉर्डिंग अपना अकाउंट हैक होने से पहले मीडिया के साथ शेयर की थी. उन्होंने सवाल उठाया कि एक केंद्रीय मंत्री भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों कह रहे हैं.
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया पर कहा था कि उन्हें उन लोगों पर दया आती है जो पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस गैंग से सोशल मीडिया फॉलोअर्स ढूंढते हैं. उन्होंने कहा था कि भारत में बड़ी और ऊर्जावान युवा आबादी है और किसी एंटी इंडिया गैंग से मान्यता लेने की जरूरत नहीं है. यह पूरा विवाद कॉकरोच जनता पार्टी नाम के एक ऑनलाइन मूवमेंट को लेकर बढ़ा है. यह पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुआ. इस प्लेटफॉर्म ने खुद को युवाओं की आवाज बताया, जो बेरोजगारी, परीक्षा का दबाव और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों जैसे मुद्दों पर सवाल उठा रहा है.
This is the screen recording of our audience demographic which we have shared with media before our account was hacked.
More than 94% of the audience is from India.
Why is a Union Minister @KirenRijiju labelling Indian youth as Pakistani? https://t.co/av0WnxIOui pic.twitter.com/W4YY1LL1IJ
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) May 23, 2026
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में सबसे ज्यादा 47.2 टेंपरेचर, यूपी-बिहार से दिल्ली तक लू का अलर्ट, कब आएगा मानसून?
NEET-UG 2026 पेपर लीक के बाद मिला समर्थन
इस मूवमेंट को खासतौर पर NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद के दौरान काफी समर्थन मिला. मेडिकल की तैयारी करने वाले कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर इस प्लेटफॉर्म का समर्थन किया. प्लेटफॉर्म ने परीक्षा व्यवस्था और छात्रों की परेशानियों को लेकर लगातार पोस्ट किए. कॉकरोच जनता पार्टी की चर्चा उस समय और बढ़ गई जब चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई. कोर्ट की सुनवाई के दौरान “कॉकरोच” और “पैरासाइट्स” शब्दों को लेकर ऑनलाइन बहस शुरू हो गई.
हालांकि बाद में CJI ने साफ किया कि उनकी टिप्पणी उन लोगों के लिए थी जो फर्जी डिग्री के जरिए लीगल प्रोफेशन में आ रहे हैं और उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया. कुछ ही दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुटा लिए. दावा किया गया कि इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों से ज्यादा हो गए थे.
अभिजीत दीपके ने लगाए आरोप
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स और प्लेटफॉर्म के ऑफिशियल हैंडल्स को या तो हैक कर लिया गया या फिर ब्लॉक कर दिया गया. उन्होंने कहा कि अब उनके पास ऑफिशियल अकाउंट्स का एक्सेस नहीं है. उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि बाद में आने वाले किसी भी पोस्ट को ऑफिशियल न माना जाए. दीपके ने यह भी दावा किया कि उनकी वेबसाइट को हटा दिया गया और उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिलीं.
आम आदमी पार्टी से अभिजीत दीपके का नाता
एक पोस्ट में अभिजीत दीपके ने लिखा कि सरकार की नाकामी के कारण छात्रों को नुकसान हुआ, लेकिन कार्रवाई जिम्मेदार लोगों के खिलाफ होने के बजाय कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि वेबसाइट बंद होने से पहले करीब 10 लाख लोगों ने प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन किया था और लगभग 6 लाख लोगों ने ऑनलाइन पिटीशन पर साइन किए थे. हालांकि ऑफिशियल अकाउंट्स हटाए जाने के बाद कॉकरोच इज़ बैक नाम से एक नया X अकाउंट सामने आया, जिसने दावा किया कि यह मूवमेंट अभी भी जारी है. अभिजीत दीपके के बारे में बताया गया है कि वह बोस्टन में रहने वाले पूर्व सोशल मीडिया कैंपेन वर्कर हैं और 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे थे.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का आदेश, अब आया क्लब का रिएक्शन, जानें क्या कहा?
