Headlines

CJI जस्टिस सूर्यकांत को अपशब्द कहने वाले लॉ स्टूडेंट गिरफ्तार, सुप्रीम कोर्ट में किया था हंगामा; पुलिस रिमांड पर भेजे गए


सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान हंगामा करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कानून के छात्रों को गिरफ्तार किया है. दोनों पर अदालत की कार्यवाही में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की जांच जारी है.

दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रबल प्रताप सिंह और चंदर भान के रूप में हुई है. दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं.

कोर्ट नंबर-13 में किया हंगामा

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट की कोर्ट नंबर-13 में एक मामले की सुनवाई के दौरान प्रबल प्रताप सिंह ने खुद को याचिकाकर्ता बताकर पेश किया. इस दौरान उसने कथित तौर पर अदालत में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, कागज फेंके और न्यायिक कार्यवाही में बाधा उत्पन्न की.

यह भी पढ़ें: ‘500 नहीं अब सीधे 100…’, रूस से तेल खरीद पर अमेरिका ने टैरिफ वाले बिल में किया बदलाव, भारत को मिल सकती है राहत?

सुरक्षाकर्मियों से भी की धक्का-मुक्की

जब कोर्ट में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ धक्का-मुक्की भी की. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और आगे की कार्रवाई शुरू की गई.

मानसिक जांच में नहीं मिली इलाज की जरूरत

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद दोनों आरोपियों का आईएचबीएएस (IHBAS) में मेडिकल परीक्षण कराया गया. डॉक्टरों ने अपनी जांच में बताया कि दोनों को तत्काल किसी मानसिक उपचार की आवश्यकता नहीं है.

यह भी पढ़ें: PM मोदी कहने से टल गया परमाणु हमला! पोलैंड के मंत्री का बड़ा दावा, बोले- ‘पुतिन ने मानी थी उनकी बात’

आपत्तिजनक पर्चे भी बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से आपत्तिजनक शब्दों वाले कुछ पर्चे भी बरामद किए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन पर्चों का उद्देश्य क्या था और क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश या योजना थी.

तिलक मार्ग थाने में FIR दर्ज

इस मामले में दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 224, 3(5) समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था. फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *