इंदौर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हाथी को गुड़ खिलाने की कोशिश एक ऑटो चालक की जिंदगी पर भारी पड़ गई. कुछ ही सेकंड में प्यार से शुरू हुआ यह पल चीख-पुकार में बदल गया. हाथी अचानक बेकाबू हो गया और उसने ऑटो चालक पर ऐसा हमला किया कि गंभीर रूप से घायल शख्स ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
गुड़ खिलाते ही भड़क गया हाथी
यह घटना इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर की है. मृतक की पहचान 49 वर्षीय विजय लक्ष्मणराव होलकर के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो रिक्शा चालक थे. जानकारी के मुताबिक, जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ साधु उज्जैन से हाथी लेकर इंदौर पहुंचे थे. शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे हाथी राजनगर में मौजूद था. इसी दौरान विजय हाथी के पास पहुंचे और उसे गुड़ खिलाने लगे. तभी अचानक हाथी उग्र हो गया और उसने विजय को अपनी सूंड में लपेटकर जोर से जमीन पर पटक दिया.
इंदौर में हाथी को गुड़ खिला रहा था ऑटो ड्राइवर, गजराज ने सूंड में लपेटकर पहले जमीन पर पटका फिर पैरों से कुचला….मौत pic.twitter.com/qUHwPR50Ed
— आजाद भारत का आजाद नागरिक (@AnathNagrik) July 26, 2026
सीने पर रखा पैर, अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विजय को पटकने के बाद हाथी ने उसके सीने पर पैर भी रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें हाथी के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया. हालत नाजुक होने पर उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना, महावत गिरफ्तार
हादसे की पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इधर, चंदन नगर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने हाथी के महावत को गिरफ्तार कर लिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के वक्त सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और हाथी अचानक क्यों बेकाबू हो गया. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
यूजर्स बोले, थोड़ा सा प्यार दिखाना भारी पड़ गया
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने इसे लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स भी इस हादसे पर दुख जताते हुए अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…दुखद, जानवर को प्यार करना भारी पड़ गया. एक और यूजर ने लिखा…ऐसे खतरनाक जानवरों के नजदीक जाना ही बेवकूफी है. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…थोड़ा सा प्यार दिखाना जान ले गया, भाई के परिवार को संभलने की शक्ति भगवान दे ऐसी प्रार्थना है.
यह भी पढ़ें: Cab Driver Viral Video : मैं पूरा किराया लूंगा’… कैब ड्राइवर की इस बात पर भड़की महिला, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
