Tamil Nadu Scam Viral Story : आज के समय में ऑनलाइन ठगी के तरीके लगातार बदल रहे हैं. कभी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगा जाता है तो कभी सरकारी कर्मचारी बनकर. लेकिन तमिलनाडु से सामने आया यह मामला इसलिए अलग है, क्योंकि यहां एक फोन कॉल पर भरोसा करके तीन महिलाओं ने अपने सिर के बाल तक मुंडवा लिए. बाद में जब सच्चाई सामने आई तो पता चला कि न कोई सरकारी योजना थी, न कोई तहसीलदार और न ही किसी तरह की आर्थिक मदद मिलने वाली थी. पूरा मामला एक शातिर ठग की चाल निकला.
फोन पर खुद को तहसीलदार बताया
यह मामला तमिलनाडु के सलेम जिले के अत्तूर के पास स्थित पुथुकोथमपाडी गांव का है. जहां हाल ही में रात करीब 8 बजे गांव की रहने वाली पलानीअम्मल के मोबाइल पर एक कॉल आया. फोन करने वाले ने खुद को अत्तूर तहसील कार्यालय का तहसीलदार बताया. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि कॉल करने वाले को पलानीअम्मल का नाम ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के लोगों के नाम भी पता थे. इसी वजह से उन्हें उसकी बातों पर शक नहीं हुआ और उन्होंने उसे सरकारी अधिकारी मान लिया.
नई बीमारी का डर दिखाकर दिया लालच
फोन करने वाले ने दावा किया कि कोरोना जैसी एक नई संक्रामक बीमारी फैल रही है, जो इंसानों के बालों के जरिए फैलती है. उसने कहा कि कई देशों में लोग इस बीमारी से बचने के लिए सिर मुंडवा रहे हैं. इसके बाद उसने कहा कि तमिलनाडु सरकार ने भी ऐसी महिलाओं को 15 हजार देने की नई योजना शुरू की है, जो अपने सिर के बाल मुंडवाएंगी. इतना ही नहीं, उसने यह भी कहा कि स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को 45 हजार और एक लैपटॉप दिया जाएगा, जबकि पुरुषों को 6 हजार मिलेंगे.
सिर्फ 18 लोगों को मिलेगा फायदा, कहकर बनाई जल्दबाजी
ठग ने लोगों पर भरोसा जमाने के लिए यह भी कहा कि पूरे गांव के लिए सिर्फ 18 टोकन जारी किए गए हैं. सरकारी अधिकारी अगले दिन दोपहर 2 बजे गांव में पैसे लेकर आएंगे, लेकिन सिर्फ उन्हीं लोगों को लाभ मिलेगा, जिन्होंने पहले से सिर मुंडवा लिया होगा. सरकारी योजना का नाम, सीमित टोकन और जल्द फायदा मिलने की बात सुनकर गांव में यह खबर तेजी से फैल गई. कई लोगों ने इसे सच मान लिया.
एक कॉल आया और तीन महिलाओं ने मुंडवा लिया सिर
इस अफवाह के बाद गांव के करीब 20 लोग सिर मुंडवाने की तैयारी करने लगे. इनमें 56 साल की कावेरी, 58 साल की रामायी और 60 साल की चित्रा ने बिना देर किए अपने सिर के बाल मुंडवा लिए. सभी को भरोसा था कि अगले दिन सरकारी अधिकारी आएंगे और योजना के तहत पैसे मिल जाएंगे. अगले दिन गांव में न कोई सरकारी वाहन पहुंचा और न ही कोई अधिकारी आया. जब महिलाओं ने उसी नंबर पर दोबारा फोन किया, तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला. तभी उन्हें समझ आया कि वे किसी सरकारी योजना का हिस्सा नहीं, बल्कि एक बड़े धोखे का शिकार हो चुकी हैं. इसके बाद गांव के बाकी लोगों ने भी सिर मुंडवाने का अपना फैसला तुरंत रद्द कर दिया.
यह भी पढ़ें – मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में लगा दी आग- वीडियो वायरल
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फोन करने वाला कौन था और उसके पास गांव के लोगों के नाम और परिवार से जुड़ी जानकारी कैसे पहुंची.
सोशल मीडिया लोगों के कमेंट्स
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कई यूजर्स ने महिलाओं के साथ हुई ठगी पर हैरानी जताई, तो कई लोगों ने इसे जागरूकता की कमी और फर्जी सरकारी योजनाओं पर आंख बंद करके भरोसा करने का नतीजा बताया. कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किया कि ये तो कुछ ज्यादा ही हो गया भाई. वहीं कुछ लोगों ने सरकार और प्रशासन से ऐसे साइबर ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें – Leopard Viral Video : तेंदुए को आई मिर्गी, वीडियो देख आपकी भी फूल जाएंगी सांसें
