उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान रुद्रपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी भव्य आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित यह कांस्य प्रतिमा 09 फीट ऊंची है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति व सर्वोच्च बलिदान को नमन किया.
‘शहीद ऊधम सिंह का जीवन देशभक्ति का अमर प्रतीक’
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन आत्मसम्मान, देशभक्ति और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का एक अमर प्रतीक है. उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा राष्ट्रहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा.
आकाश आनंद से मायावती असहज या बन रहीं सुरक्षा कवच! बार-बार क्यों देनी पड़ रही सफाई?
रुद्रपुर को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया:
- लोकार्पण: कलेक्ट्रेट परिसर में 120.18 लाख रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग, लैंडस्केपिंग और ड्रेन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया. इससे जल निकासी और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा.
- शिलान्यास: रुद्रपुर स्थित कैनाल कॉलोनी में 264.97 लाख रुपये की लागत से बनने वाली ‘सरफेस पार्किंग’ का शिलान्यास किया गया. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात प्रबंधन मजबूत होगा.
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, ताकि आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके.
शहीद के परिजनों से की वर्चुअल बात, लगाया रुद्राक्ष का पौधा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंजाब में रह रहे शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की. उन्होंने परिजनों से कहा, “शहीद ऊधम सिंह के बलिदान और साहस को मेरा दिल से सैल्यूट है. पूरा प्रदेश उनके सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा.” अंत में, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा.
CM योगी के इस फैसले से मायावती खुश, अखिलेश यादव पर जमकर बरसीं
