Headlines

हमास ने किया सरेंडर! गाजा से पीछे हटेगी इजरायली सेना, ट्रंप का ऐलान


गाजा युद्ध को लेकर एक बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि हमास के पूर्ण निशस्त्रीकरण (हथियार सरेंडर) और गाजा पट्टी से इजरायली सेना की चरणबद्ध वापसी को लेकर ऐतिहासिक समझौता हो गया है. ट्रंप के मुताबिक, सभी पक्षों की औपचारिक मंजूरी मिलने के 14 दिनों के भीतर इस समझौते को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. हमास ने भी इस समझौते पर सहमति जताई है, हालांकि उसने इसके लिए इजरायल से कुछ शर्तें पूरी करने की बात कही है.

समझौते की प्रमुख शर्तें

समझौते के तहत हमास एक चरणबद्ध प्रक्रिया में अपने सभी हथियार एक अंतरराष्ट्रीय स्टेबिलाइजेशन फोर्स को सौंपेगा. करीब 5,000 सदस्यीय इस बल की निगरानी एक अमेरिकी जनरल करेंगे.

ये भी पढ़ें- ताहिर हुसैन को उम्रकैद, IB अफसर अंकित शर्मा मर्डर केस में सजा का ऐलान

समझौते के अनुसार-

  1. हमास चरणबद्ध तरीके से अपने हथियार सरेंडर करेगा.
  2. पूरे निशस्त्रीकरण की प्रक्रिया पूरी होने में लगभग 200 से 300 दिन लग सकते हैं.
  3. गाजा में बने सुरंगों के नेटवर्क को भी निष्क्रिय किया जाएगा.
  4. निशस्त्रीकरण पूरा होने के बाद इजरायली सेना चरणबद्ध तरीके से गाजा से पीछे हटेगी.
  5. अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल नई फिलिस्तीनी पुलिस को प्रशिक्षण देगा.
  6. समझौते के तहत नई फिलिस्तीनी सरकार का गठन किया जाएगा, जो पुलिस बल के साथ मिलकर प्रशासन संभालेगी.

ट्रंप ने किया समझौते का ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस समझौते की घोषणा करते हुए कहा कि यह गाजा में स्थायी शांति की दिशा में बड़ा कदम है. उन्होंने कहा कि पूरे समझौते को बेहद सावधानी के साथ चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा.

ट्रंप के अनुसार, जैसे ही हमास का निशस्त्रीकरण पूरा होगा, इजरायली सेना गाजा से वापस लौटना शुरू कर देगी. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल नई फिलिस्तीनी पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा और गाजा के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी.

हमास ने भी जताई सहमति

हमास के क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि संगठन ने इस रोडमैप पर सहमति जताई है. हालांकि उसने स्पष्ट किया है कि समझौते को लागू करने से पहले इजरायल को भी अपनी प्रतिबद्धताएं पूरी करनी होंगी. हमास का कहना है कि इजरायल को सैन्य कार्रवाई रोकनी होगी और गाजा से अपनी सेना वापस बुलाने की प्रक्रिया शुरू करनी होगी.

14 दिनों में शुरू होगी प्रक्रिया

गुरुवार को जारी मसौदा योजना के मुताबिक सभी पक्षों की औपचारिक मंजूरी मिलने के 14 दिनों के भीतर समझौते को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. इसके तहत गाजा में नई तकनीकी फिलिस्तीनी सरकार का गठन होगा, जो अंतरराष्ट्रीय बोर्ड ऑफ पीस और नई पुलिस व्यवस्था के साथ मिलकर प्रशासन चलाएगी.

नई सरकार और पुलिस संभालेंगे जिम्मेदारी

समझौते के अनुसार गाजा में नई फिलिस्तीनी सरकार बनाई जाएगी, जो प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालेगी. अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल नई फिलिस्तीनी पुलिस को प्रशिक्षण देगा और सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करने में सहयोग करेगा. इसके बाद गाजा का प्रशासन स्थानीय सरकार और पुलिस के हाथों में होगा.

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *