Headlines

पेपर लीक पर सख्त कानून और नशा मुक्त भारत पर जोर, पीयूष गोयल ने विपक्ष को घेरा


केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल रोकने के लिए लाए गए पब्लिक एग्जामिनेशंस (अनफेयर मीन्स की रोकथाम) संशोधन विधेयक 2026 का बचाव करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह कानून परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ को युवाओं के लिए अहम पहल बताते हुए कहा कि देश के युवा इस अभियान को सफल बनाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे.

40 साल पहले शुरू हुई थी इस विधेयक की सोच

पीयूष गोयल ने कहा कि इस विधेयक की अवधारणा करीब 40 साल पहले सामने आई थी. उन्होंने बताया कि वर्ष 2010-11 के दौरान कांग्रेस और उसकी यूपीए सरकार भी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा में होने वाली अन्य गड़बड़ियों पर सजा का प्रावधान करने वाला विधेयक लेकर आई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और यूपीए सरकार में इस विधेयक को पारित कराने की इच्छाशक्ति और साहस नहीं था. 

2024 में पहली बार लाया गया कानून

पीयूष गोयल ने कहा कि उनकी सरकार ने वर्ष 2024 में पहली बार इस कानून को लागू करने की दिशा में कदम उठाया. उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसमें और सख्त कानूनी प्रावधान जोड़े गए हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष ने इस महत्वपूर्ण विधेयक का भी विरोध किया. उन्होंने परीक्षा व्यवस्था से जुड़े ऐसे अहम कानून पर विपक्ष के रुख की कड़ी आलोचना करते हुए इसकी निंदा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ पर पीयूष गोयल ने कहा कि भारत को नशा मुक्त बनाने का युवाओं का उत्साह ही विकसित भारत की मजबूत नींव रखेगा.

ये भी पढ़िए- अहमदाबाद का मौसम: सूरत में बारिश का रेड अलर्ट, फैक्ट्रियां बंद

उत्तर मुंबई को नशा मुक्त बनाने का संकल्प

उन्होंने कहा कि उत्तर मुंबई के लोग इस अभियान का हिस्सा बनने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और पूरे क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे. उनका कहना था कि समाज के सभी वर्ग इस अभियान का समर्थन करेंगे.

प्रधानमंत्री के साथ रहा जेन-जी का समर्थन

पीयूष गोयल ने कहा कि जेन-जी (Gen-Z) और युवाओं का समर्थन हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रहा है. उन्होंने दावा किया कि युवाओं की ताकत और जेन-जी के समर्थन के बिना प्रधानमंत्री लगातार तीन बार चुनाव नहीं जीत सकते थे.

ये भी पढ़िए- गुजरात में आफत की बारिश! सेना- NDRF ने संभाला मोर्चा, तस्वीरों में देखें कुदरत का कहर





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *