ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के बीच ईरानी सेना ने वॉशिंगटन को कड़ी चेतावनी दी है. ईरानी सेना की जमीनी बलों के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अली जहांशाही ने रविवार को कहा कि अगर कोई विदेशी सेना ईरान की जमीन पर कदम रखती है तो उसका तुरंत और कड़ा जवाब दिया जाएगा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी अमेरिकी सैन्यकर्मी के ईरान में प्रवेश करने पर उसे रोक दिया जाएगा.
दुश्मन की कार्रवाई का प्रभावी जवाब देंगे
सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अली जहांशाही ने किसी भी संभावित विदेशी सैन्य घुसपैठ को लेकर चेतावनी दी. उन्होंने कहा, अगर कोई अमेरिकी सैन्य कर्मी ईरान में पैर रखता है, तो हम उसे काट देंगे। उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी दुश्मन की कार्रवाई का दृढ़ और प्रभावी जवाब देने के लिए तैयार है. हम दुश्मन की किसी भी कार्रवाई का दृढ़ और निवारक जवाब देंगे.
सीमाओं पर पूरी तरह सतर्क होने का दावा
ईरानी सेना के जमीनी बलों की तैनाती और तैयारियों के बारे में कमांडर ने कहा कि देश की सीमाओं पर सेना पूरी तरह युद्ध के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि ईरानी सेना के जमीनी बल लगातार सीमा क्षेत्रों में गतिविधियों और संभावित खतरों पर नजर रख रहे हैं. साथ ही देश की सीमाओं की मजबूती से सुरक्षा की जा रही है.
अमेरिका से सीधी बातचीत नहीं, मध्यस्थों के जरिए संदेश
ईरान की ओर से सैन्य चेतावनी के बीच अमेरिका के साथ कूटनीतिक संपर्क भी जारी है, लेकिन दोनों देशों के बीच बातचीत सीधे तौर पर नहीं हो रही है. ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार को सरकारी मीडिया इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) के हवाले से कहा कि फिलहाल ईरान अमेरिका के साथ बातचीत नहीं कर रहा है. दोनों देशों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान मध्यस्थों के जरिए हो रहा है.
अमेरिका पुरानी शर्तों का उल्लंघन ठीक करे
अराघची ने बताया कि कई देश दोनों देशों के बीच दोबारा बातचीत का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, ईरान तब तक सीधे बातचीत की मेज पर लौटने को तैयार नहीं है, जब तक अमेरिका पिछले समझौते के कथित उल्लंघनों को ठीक नहीं करता. उन्होंने कहा कि कुछ मध्यस्थ देश अभी भी बातचीत की जमीन तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन ईरान के अनुसार, अमेरिका की ओर से इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन के उल्लंघन का मामला खत्म होने और हुए नुकसान की भरपाई किए जाने तक बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावना नहीं है.
होर्मुज स्ट्रेट पर ओमान से बातचीत अंतिम चरण में
ईरानी विदेश मंत्री ने यह भी बताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ओमान के साथ बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है. दोनों देश स्ट्रेट के लिए कानूनी व्यवस्था और जहाजों की आवाजाही के नए मार्ग को लेकर बातचीत कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः ईरान ने मान ली ये शर्त तो परमाणु डील से पीछे हट जाएंगे ट्रंप? रिपोर्ट में बड़ा दावा
