Headlines

‘यूपी में अपराधी बेखौफ…’, योगी सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर अखिलेश ने उठाए सवाल


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लगातार पोस्ट कर प्रदेश में बढ़ते अपराध, हत्या और दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए.

अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार दावा करते रहे कि माफिया और बदमाश उत्तर प्रदेश छोड़कर चले गए हैं, लेकिन स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है. उनका आरोप है कि दूसरे राज्यों के गैंग और बदमाश उत्तर प्रदेश में आकर बेखौफ वारदात कर रहे हैं और कई राउंड गोलियां चलाकर हत्या तक कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें- यूपी की IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट

‘दूसरे राज्यों के गैंग यूपी में आ गए’

अखिलेश ने X पर लिखा कि मुख्यमंत्री के दावों के विपरीत दूसरे राज्यों के गैंग-बदमाश उत्तर प्रदेश में आ गए हैं. उन्होंने एक गैंग के नाम को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसका नाम प्रदेश के एक नामी-गिरामी व्यक्ति या संगठन से मिलता-जुलता है. उन्होंने तंज करते हुए लिखा- ‘ये रिश्ता क्या कहलाता…’ अखिलेश ने कहा कि गोलियां सिर्फ एक निर्दोष युवा को नहीं मारी गईं, बल्कि कोतवाली क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी निशाना बनाया गया है.

‘बेखौफ हत्यारों के हौसले सातवें आसमान पर’

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले इसलिए बुलंद हैं क्योंकि उन्हें सत्ता का संरक्षण मिल रहा है. उन्होंने भाजपा सरकार पर जातीय आधार पर अपने लोगों को संरक्षण देने और पुलिस के दुरुपयोग का आरोप लगाया. अखिलेश ने लिखा कि झूठे एनकाउंटर करवाकर पुलिस को भ्रष्ट बनाया जा रहा है और सत्ता का यह कथित संरक्षण अपराधियों के लिए सुरक्षा कवच बन गया है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- ‘गुनाहों में किसी की साझेदारी है, इसीलिए इतनी बेशर्म पर्दादारी है!’

ग्रेटर नोएडा की घटना पर भी जताया आक्रोश

एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या के मामले का जिक्र किया. उन्होंने घटना को ‘रूह कंपा देने वाला’ बताते हुए कहा कि इससे पूरे प्रदेश में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर माता-पिता के बीच डर पैदा हुआ है. उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे हो गई कि अपराधियों में सत्ता का भय नहीं रह गया है. अखिलेश ने सरकार से इस मामले में इंसाफ की मांग की.

‘भ्रष्ट पुलिसकर्मियों की अपराधियों से सांठगांठ’ का आरोप

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े लोगों के अपराधों को कथित तौर पर दबाने और छिपाने से दूसरे अपराधियों के भी हौसले बढ़ रहे हैं. उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का दायरा बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका असर पुलिस व्यवस्था पर भी पड़ रहा है.

सपा प्रमुख ने दावा किया कि कुछ भ्रष्ट पुलिसकर्मी अपराधियों के साथ सांठगांठ कर उन्हें संरक्षण दे रहे हैं. उन्होंने इसे घोर निंदनीय बताते हुए संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की. अखिलेश के इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और अपराध के मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं.

यह भी पढ़ें- नोएडा में पुलिस का एक्शन, मासूम से दरिंदगी करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *