टीवी सीरियल्स के आने वाले एपिसोड्स में एक के बाद एक बड़े ट्विस्ट देखने को मिलने वाले हैं. किसी शो में परिवारों के बीच तनाव बढ़ेगा, तो कहीं अपनों की इज्जत बचाने के लिए किरदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा. वहीं, रिश्तों के बीच बढ़ती दूरियां और नए विवाद कहानी को और दिलचस्प बनाने वाले हैं. ऐसे में दर्शकों को इन शोज में जबरदस्त ड्रामा और कई चौंकाने वाले मोड़ देखने को मिलेंगे.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलेगा. कोठारी हाउस और शाह परिवार के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने वाला है. माही को वसुंधरा से ‘बाहरी’ होने का ताना मिलेगा, जिसका वो करारा जवाब देगी. वहीं, अनुपमा को सीएम के पीए की तरफ से महिलाओं के एक ग्रुप को डांस सिखाने का ऑफर मिलेगा. दूसरी ओर, कैफे को बचाने के लिए प्रेम और राही उसे गिरवी रखने का फैसला लेते हैं, लेकिन वसुंधरा उनके इस कदम के खिलाफ खड़ी हो जाएगी. उधर, पराग के कंपनी टेकओवर के बाद किंजल भी अपनी नौकरी को लेकर परेशान नजर आएगी और तोशू एक बार फिर अनुपमा को इसके लिए जिम्मेदार ठहराएगा.
‘वसुधा’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में कहानी एक दिलचस्प मोड़ लेने वाली है. वसुधा, चंद्रिका के प्रति बिरजू काका के परिवार में छिपी नफरत का सच जानने के लिए उनके घर की छानबीन करेगी और कई सवालों के जवाब तलाशेगी. दूसरी ओर, भोलेनाथ के मंदिर में पूजा करते वक्त वसुधा अपनी जिंदगी को लेकर उलझन में नजर आएगी. वहीं, चौहान मेंशन में गुरुजी करिश्मा की शादी की तारीख तय करने पहुंचेंगे, जिसके बाद देवांश उसे घर बुलाकर वसुधा से जुड़े मामले में सवाल करेगा.
ये भी पढ़ें:- ‘बिग बॉस 20’ में रीति तिवारी की धमाकेदार एंट्री, बेटी को छोड़ने पहुंचे मनोज तिवारी
‘गंगा माई की बेटियां’
टीवी शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में कहानी एक बड़े और चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंचने वाली है. शो में गंगा और उसकी बेटियों की इज्जत को निशाना बनाने के लिए बड़ी साजिश रची जा रही है. विरोधियों ने गंगा के परिवार को बर्बाद करने के लिए उल्टी गिनती शुरू कर दी है. साजिश करने वालों का मकसद एक तरफ घर की बेटी को बदनाम करना है, तो दूसरी तरफ मंझली बेटी के तलाक के कागजात सामने लाकर परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना है. इस साजिश के चलते गंगा और उसकी बेटियों के सामने एक नई मुसीबत खड़ी होने वाली है.
‘तुम से तुम तक’
ज़ी टीवी के पॉपुलर सीरियल ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में अनु और आर्या की जिंदगी में बड़ा तूफान आने वाला है. आर्या अपना आलीशान घर छोड़कर अनु के साथ उसके पेरेंट्स के घर यानी चाल में रहने पहुंच चुके हैं. लेकिन उनका यहां रहना चाल वालों को बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा है. आने वाले एपिसोड में चाल के लोग आर्या को चारों तरफ से घेरकर उसके खिलाफ खड़े होते नजर आएंगे. वहीं, आर्या को मुसीबत में फंसा देख अनु एक बार फिर उसके सम्मान के लिए सबके सामने ढाल बनकर खड़ी होगी.
ये भी पढ़ें:- Miss World 2026: जोहेरी मोल ने जीता ताज, टॉप 20 से बाहर हुईं निकिता पोरवाल
