वैभव सूर्यवंशी अभी दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेल रहे हैं, जिसके बाद वह तुरंत दिल्ली में भारतीय टीम के साथ जुड़ जाएंगे. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान बनाम भारत 3 मैचों की टी20 सीरीज होगी, जिसका पहला मैच 13 सितंबर को है. इससे पहले आईसीसी ने अपनी ताजा रैंकिंग जारी कर दी है, 15 वर्षीय बल्लेबाज को इसमें नुकसान हुआ है.
टॉप पर काबिज ईशान किशन
आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में ईशान किशन की बादशाहत कायम है, वह 910 रेटिंग के साथ इस पायदान पर बने हुए हैं. उन्हें फिलहाल अपनी पोजीशन खोने का कोई डर नहीं है, क्योंकि दूसरे स्थान पर मौजूद साहिबजादा फरहान के 848 रेटिंग पॉइंट्स हैं. अभिषेक शर्मा 819 रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर हैं.
टॉप-5 में एक बदलाव हुआ है, दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस 789 रेटिंग के साथ एक स्थान नीचे लुढ़ककर पांचवें नंबर पर आ गए हैं. इंग्लैंड के फिल साल्ट 799 रेटिंग के साथ पांचवें से चौथे स्थान पर पहुंच गए.
यह भी पढ़ें- एजबेस्टन टेस्ट में 133 पर ढ़ेर पाकिस्तान, इस देश के बोर्ड ने उड़ाया मजाक
कहां पहुंचे वैभव सूर्यवंशी?
आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में वैभव सूर्यवंशी को 2 पायदान का नुकसान हुआ है. वह लुढ़ककर अब 49वें स्थान पर आ गए हैं. हालांकि ये उनकी फॉर्म के कारण नहीं, बल्कि इस वजह से हुआ है कि टीम इंडिया अभी टी20 नहीं खेल रही थी. पूरा भरोसा है कि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के बाद वैभव रैंकिंग में एक लंबी छलांग लगाएंगे.
15 वर्षीय वैभव ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू मैच खेला था, इस दौरे पर उनका फॉर्म अच्छा नहीं रहा था. जिम्बाब्वे में उनका बल्ला खूब बरसा था, अब वह भारत में पहला इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए तैयार हैं.
यह भी पढ़ें- ODI डेब्यू में सबसे ज्यादा रन… दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज ने लगाई लंबी छलांग
आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रीटोरियस 61 पायदान ऊपर आकर 44वें स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने नामीबिया के खिलाफ पिछले हफ्ते 101 रनों की शानदार पारी खेली थी. उससे पिछले मैच में उन्होंने 94 रन बनाए थे. इन 2 पारियों का फायदा उन्हें रैंकिंग में भी हुआ.
