राजस्थान में हो रहे नगर निकाय चुनाव में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के नारे ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ की एंट्री हो चुकी है. राजधानी जयपुर में कांग्रेस के अमीन कागजी ने एक कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपने वोट बंटने नहीं देने की नसीहत दी. उन्होंने मंच से बाकायदा सीएम योगी आदित्यनाथ के नारे ‘बंटेगे तो कटेंगे’ को सुनाया.
कांग्रेस विधायक के इस नारे पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की. दूसरी तरफ मामले के तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस विधायक ने अपनी सफाई पेश की और कहा कि उन्होंने वोटरों से बीजेपी के बहकावे में नहीं आने और उसके मुस्लिम उम्मीदवारों को वोट नहीं देने की अपील की थी.
कोटा: चुनाव ड्यूटी के दौरान ASI राधेश्याम सांखला की हार्ट अटैक से मौत
कांग्रेस विधायक ने पर लगाए आरोप
विधायक ने आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजेपी ने जानबूझकर कई जगहों पर मुस्लिम प्रत्याशी उतारे हैं, ताकि वह आपस में एक दूसरे का वोट काट सके. उनके मुताबिक बीजेपी मुसलमानों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है. इसी वजह से बीजेपी लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में मुसलमानों को टिकट नहीं देती है.
राजस्थान में इन दिनों नगर निकायों के चुनाव हो रहे हैं. इस चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के बीच कांटे का मुकाबला है. जयपुर शहर की किशनपोल विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के फायर ब्रांड विधायक अमीन कागजी के क्षेत्र में बीजेपी ने कई मुस्लिम चेहरों को टिकट दिया है.
‘मुसलमानों को बीजेपी का शिकार नहीं होना चाहिए’
2 दिन पहले क्षेत्र में हुई एक चुनावी सभा में विधायक अमीन कागजी ने सार्वजनिक मंच से कहा कि बीजेपी ने मुसलमानों का वोट बांटने के लिए मुस्लिम उम्मीदवार उतारे हैं. ऐसे में मुसलमानों को बीजेपी की साजिश का शिकार नहीं होना चाहिए. उन्हें वोट डालने के मामले में बंटना नहीं चाहिए, क्योंकि अगर ‘बटेंगे तो कटेंगे.’
बहरहाल कांग्रेस विधायक का यह विवादित भाषण खूब सुर्खियों में है और सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस बारे में विधायक अमीन कागजी का कहना है कि ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का स्लोगन न तो योगी आदित्यनाथ का और ना ही बीजेपी का ट्रेडमार्क है. यह महज एक मुहावरा है, जिसका इस्तेमाल उन्होंने अपने भाषण में किया था. इसमें कुछ भी गलत या आपत्तिजनक नहीं है.
कांग्रेस नेता के बयान पर क्या बोली बीजेपी?
दूसरी तरफ राजस्थान बीजेपी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा है कि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण का काम करती है. वह समाज को बांटना चाहती है. कांग्रेस को अपनी हार का एहसास हो चुका है, इसलिए बौखलाहट में ऐसे बयान दिए जा रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा, “बीजेपी बिना किसी भेदभाव के काम करती है. पार्टी ने जयपुर नगर निगम में आठ और पूरे प्रदेश में 480 के करीब मुस्लिम उम्मीदवार उतारे हैं.” उनके मुताबिक विधायक अमीन कागजी का यह बयान पूरी तरह आपत्तिजनक है. इस मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
कोचिंग ड्रेस के ऊपर पिता के कपड़े पहने, अगवा की कोशिश के बाद डरी छात्रा
