अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए दिल्ली से एक चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में प्रैक्टिस के दौरान ईशान किशन अचानक असहज नजर आए और उन्हें अपनी बल्लेबाजी बीच में ही रोकनी पड़ी.
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13, 15 और 17 सितंबर को तीन टी20 मुकाबलों की सीरीज खेली जानी है. इसी सीरीज की तैयारियों के लिए आज टीम इंडिया ने अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया और लगभग सभी खिलाड़ी प्रैक्टिस करते हुए नजर आए.
यह भी पढ़े:रोहित शर्मा के शो में इन क्रिकेटरों की दिखेगी मस्ती, कोच भी शामिल
प्रैक्टिस सेशन में ईशान किशन पर भी खास नजरें थीं
ईशान किशन हाल ही में दिलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के कप्तान थे और फाइनल में उन्होंने 270 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी. रेड बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब ईशान किशन को खुद को व्हाइट बॉल क्रिकेट के हिसाब से तैयार करना था. नेट्स में ईशान शुरुआत से ही काफी पॉजिटिव नजर आए. उन्होंने लगभग हर गेंदबाज के खिलाफ आक्रामक शॉट्स खेलने की कोशिश की. ईशान रेंज हिटिंग भी करते हुए दिखाई दिए और उनकी बल्लेबाजी देखकर लग रहा था कि वो अफगानिस्तान सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
लेकिन इसी दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने टीम इंडिया की चिंता जरूर बढ़ा दी
टीम इंडिया के नेट सेशन में गेंदबाजी के लिए बुलाए गए नवदीप सैनी की एक शॉर्ट-पिच गेंद ईशान के लिए परेशानी का सबब बन गई. नवदीप सैनी ने बाउंसर फेंकी और ईशान किशन ने उसे डक करने की कोशिश की. इसी दौरान उनकी पीठ में अचानक क्रैम्प या खिंचाव जैसी परेशानी दिखाई दी.
असहज नजर आए ईशान, बीच में छोड़ा अभ्यास
टीम इंडिया के फिजियो तुरंत उनके पास पहुंचे और उनकी परेशानी को देखा. इसके बाद ईशान किशन ने बल्लेबाजी जारी नहीं रखी और अपना नेट सेशन वहीं रोक दिया. इतना ही नहीं, इसके बाद भी ईशान किशन काफी देर तक अपनी कमर और पीठ के हिस्से पर हाथ लगाए नजर आए. बैट और पैड के साथ वो नेट्स से बाहर आए और आखिरकार उन्होंने आराम करने का फैसला किया. अब यहां सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि ईशान किशन की परेशानी कितनी गंभीर है, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है.
इसलिए अभी ये कहना जल्दबाजी होगी कि ईशान किशन अफगानिस्तान के खिलाफ पहला T20 खेल पाएंगे या नहीं. हो सकता है कि ये सिर्फ एक सामान्य क्रैम्प या मामूली खिंचाव हो और एहतियात के तौर पर उन्होंने प्रैक्टिस रोक दी हो. लेकिन अगर उनकी परेशानी गंभीर निकलती है तो निश्चित तौर पर टीम इंडिया की मुश्किल बढ़ सकती है.
क्योंकि ईशान किशन शानदार फॉर्म के साथ इस सीरीज में पहुंचे हैं. दिलीप ट्रॉफी के फाइनल में 270 रन बनाने के बाद उनका आत्मविश्वास काफी ऊंचा है और आज नेट्स में भी जिस अंदाज में वो आक्रामक बल्लेबाजी और रेंज हिटिंग कर रहे थे, उससे साफ था कि वो व्हाइट बॉल क्रिकेट के लिए खुद को पूरी तरह तैयार कर रहे हैं.
नवदीप सैनी की उस एक बाउंसर के बाद पूरा माहौल बदल गया
अब टीम इंडिया की नजर ईशान किशन की फिटनेस पर रहेगी. अगले 24 से 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हो सकते हैं और देखना होगा कि ईशान अगले प्रैक्टिस सेशन में सामान्य तरीके से बल्लेबाजी करते दिखाई देते हैं या टीम मैनेजमेंट उन्हें आराम देने का फैसला करता है. फिलहाल टीम इंडिया के लिए राहत की बात यही है कि ईशान किशन की चोट को लेकर कोई गंभीर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20 से ठीक पहले ईशान का नेट सेशन बीच में छोड़ना निश्चित तौर पर टीम इंडिया के लिए एक नई टेंशन जरूर खड़ी कर गया है.
यह भी पढ़े: टीम इंडिया में निकली नई नौकरी, आप भी कर सकते हैं अप्लाई; जानिए क्वालिफिकेशन
