Headlines

DUSU चुनाव: ABVP ने जारी किया घोषणापत्र, इन मुद्दों पर फोकस


दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने रविवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया. संगठन ने इस बार अपने चुनावी एजेंडे को चार प्रमुख आधारों- ‘अ-आवास, भा-भागीदारी, वि-विश्वास और प-परिणाम’ के इर्द-गिर्द रखा है.

घोषणापत्र में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित आवास, महिला सुरक्षा, विश्वविद्यालय की निर्णय प्रक्रिया में छात्र की भागीदारी, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है. ABVP ने डूसू की चारों प्रमुख सीटों के लिए अपने उम्मीदवार भी घोषित किए हैं.

अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पद पर ईशू मौर्य, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह चुनाव मैदान में हैं. संगठन ने अपने पैनल के लिए 7-3-3-3 मतदान क्रमांक जारी किया है और सभी चार सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा है.

दिल्ली: गांधी नगर में दरार के बाद झुका मकान, MCD ने कराया खाली

सुरक्षित आवास और छात्र सुविधाओं पर जोर

ABVP के घोषणापत्र में विद्यार्थियों के आवास /हॉस्टल से जुड़ी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है. संगठन ने नए छात्रावासों के निर्माण के साथ छात्राओं के लिए पर्याप्त हॉस्टल सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही है. इसके अलावा स्टूडेंट अकॉमोडेशन सेल और हेल्पलाइन, पीजी और हॉस्टलों की सुरक्षा जांच के साथ साथ Fire Safety Norms के पालन को मजबूत करने का प्रस्ताव रखा गया है.

घोषणापत्र में हॉस्टल और पीजी में स्वच्छता, साफ़ पीने का पानी और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है. ABVP ने सत्य निकेतन हादसे के बाद सुरक्षित छात्र आवास के मुद्दे को लगातार उठाने का दावा किया है.

महिला सुरक्षा के लिए कई प्रस्ताव

महिला सुरक्षा को लेकर ABVP ने कैंपस में सुरक्षा गश्त, पिंक बूथ, महिला सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता और बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसे कदमों का प्रस्ताव रखा है. छात्राओं के लिए कॉमन रूम और सैनिटरी नैपकिन मशीनें उपलब्ध कराने के साथ विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्रों में स्त्री-रोग विशेषज्ञों की सुविधा बढ़ाने की बात भी कही गई है. इसके अलावा आत्मरक्षा प्रशिक्षण, प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था और आंतरिक शिकायत समितियों को मजबूत करने का प्रस्ताव घोषणापत्र में शामिल है.

दिव्यांग-ट्रांसजेंडर और पूर्वोत्तर के विद्यार्थियों पर भी फोकस

ABVP ने विद्यार्थी कल्याण के तहत दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुगम परिसर और सहायक तकनीक उपलब्ध कराने की बात कही है. ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, पूर्वोत्तर राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए सहायता और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और जागरूकता सेवाओं को बेहतर बनाने का भी वादा किया गया है. संगठन का कहना है कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाना चाहिए.

परीक्षा और रिजल्ट व्यवस्था में सुधार का वादा

शैक्षणिक मोर्चे पर ABVP ने समय पर और पारदर्शी परीक्षा परिणाम,विद्यार्थियों को अपनी चेक की गई answer sheets देखने की सुविधा और आंतरिक मूल्यांकन में पारदर्शिता की मांग रखी है. इसके साथ ही विद्यार्थी-अनुकूल परीक्षा व्यवस्था और समय पर डिग्री उपलब्ध कराने को भी घोषणापत्र में शामिल किया गया है.

रोजगार और करियर के अवसर बढ़ाने की योजना

घोषणापत्र में विद्यार्थियों की शिक्षा को रोजगार से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है. ABVP ने रोजगार मेले, उद्योगों और शोध संस्थानों के साथ साझेदारी, प्रशिक्षण और इंटर्नशिप के अवसर बढ़ाने की बात कही है.

ABVP के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार यश डबास ने कहा कि घोषणापत्र के चारों आधार विद्यार्थियों की रोजमर्रा की जरूरतों और उनके भविष्य से जुड़े हैं. उन्होंने कहा कि संगठन सुरक्षित आवास, महिला सुरक्षा, छात्र भागीदारी, बेहतर शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर काम करेगा.

कौन हैं ABVP के चारों उम्मीदवार?

यश डबास: दिल्ली के कंझावला के रहने वाले यश डबास ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है. वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में ITF प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं. उन्होंने CBSE Nationals, SGFI Nationals, Khelo India और All India University Games 2023 में भी भाग लिया है. फिलहाल वह दिल्ली विश्वविद्यालय के बौद्ध अध्ययन विभाग में पढ़ाई कर रहे हैं.

ईशू मौर्य: मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले ईशू मौर्य ने सत्यवती कॉलेज से स्नातक किया है. वर्ष 2021 से ABVP से जुड़े मौर्य सत्यवती कॉलेज (मॉर्निंग) इकाई के अध्यक्ष और Students for Seva के सह-संयोजक रह चुके हैं. वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं.

रिया छाबड़ी: दिल्ली के बदरपुर स्थित मोड़बंद गांव से आने वाली रिया छाबड़ी का संबंध किसान परिवार से है. उन्होंने श्री अरविंदो कॉलेज से पढ़ाई की है और इंटर-कॉलेज स्तर पर बास्केटबॉल खेल चुकी हैं. फिलहाल वह श्री अरविंदो कॉलेज से बीए प्रोग्राम के चौथे वर्ष में हैं.

लक्ष्य राज सिंह: राजस्थान के चूरू जिले से आने वाले लक्ष्य राज सिंह ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया है. वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी हैं और एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वह राजस्थान की ओर से नेशनल गेम्स और दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स में भी खेल चुके हैं. वर्तमान में वह कैंपस लॉ सेंटर में कानून की पढ़ाई कर रहे हैं.

ABVP ने घोषणापत्र जारी करने के साथ ही डूसू चुनाव के लिए अपने अभियान को और तेज कर दिया है. संगठन का कहना है कि वह कॉलेजों, छात्रावासों और पीजी में जाकर विद्यार्थियों से संवाद कर रहा है और उनके मुद्दों को चुनावी अभियान के केंद्र में रखा गया है.

अरविंद केजरीवाल का राघव चड्ढा पर निशाना, ‘अब किसी को राज्यसभा भेजने से पहले 100 बार…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *