शुभम कुमार बिहार के कटिहार जिले के कड़वा प्रखंड के कुमहरी गांव के रहने वाले हैं. उनकी शुरुआती पढ़ाई बिहार से हुई, इसके बाद उन्होंने जेईई परीक्षा पास की और आईआईटी बॉम्बे में एडमिशन लिया. यहां उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की.

उन्होंने 2013 में आईआईटी बॉम्बे में एडमिशन लिया था और 2017 में अपनी डिग्री पूरी की. इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद शुभम ने अपना टारगेट सिविल सर्विसेज को बनाया और यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी. उनके पिता बैंक मैनेजर रहे हैं, जबकि मां हाउसवाइफ है. वहीं परिवार से भी उन्हें सिविल सेवा की तैयारी के दौरान पूरा सहयोग मिला.

शुभम ने 2018 में पहली बार यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा दी थी. लेकिन वह सफल नहीं हो सके. इसके बाद उन्होंने अपनी तैयारी में कमियों को समझा और अपनी पढ़ाई में कुछ चीजों में बदलाव किया.

वहीं दूसरे प्रयास में उनकी मेहनत रंग लाई. 2019 में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा पास की और ऑल इंडिया 290 वीं रैंक हासिल की. इस रैंक के आधार पर उनका चयन इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विसेज में हुआ. हालांकि शुभम का टारगेट आईएएस बनना था, इसलिए उन्होंने यहीं रुकने की बजाय एक और प्रयास करने का फैसला किया.

शुभम कुमार ने 2020 में तीसरी बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा दी. इस बार उन्होंने न सिर्फ परीक्षा पास की, बल्कि पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया. यूपीएससी 2020 में शुभम कुमार को कुल 2025 अंकों में 1054 अंक मिले थे. लिखित परीक्षा में उनके 878 अंक और इंटरव्यू में 176 अंक रहे. लिखित परीक्षा में उनके अंक टॉप 10 उम्मीदवारों में सबसे अधिक बताए गए थे. वहीं उनका वैकल्पिक विषय एंथ्रोपोलॉजी था. इसमें उन्होंने पेपर 1 में 170 और पेपर 2 में 150 अंक हासिल किए.

शुभम ने अपनी तैयारी में वैकल्पिक विषय को काफी महत्व दिया था. उनका मानना था कि ऑप्शनल सब्जेक्ट का चुनाव अपनी रुचि और शैक्षणिक क्षमता को ध्यान में रखकर करना चाहिए. वह तैयारी के अंतिम चरण में नई किताबें या नई स्टडी मैटेरियल जोड़ने के बजाय पहले से पढ़ी हुई चीजों को दोहराने पर जोर देते थे.

साथ ही अखबारों के जरिए करंट अफेयर्स को तैयार विषयों से जोड़कर पढ़ने की सलाह देते थे. शुभम की कहानी में खास बात यही रही की पहली असफलता और दूसरी कोशिश में मिली दूसरी सेवा के बावजूद उन्होंने आईएएस बनने का टारगेट नहीं छोड़ा और तीसरे प्रयास में वह अपने टारगेट को हासिल करके टॉपर भी बने.
Published at : 21 Sep 2026 03:21 PM (IST)
