एक्ट्रेस आशा नेगी को ‘पवित्र रिश्ता’ में पूर्वी देशमुख के किरदार से घर-घर में पहचान मिली. टीवी इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले आशा ने अपने होमटाउन देहरादून में मिस उत्तराखंड 2009 का खिताब जीतकर अपने सफर की शुरुआत की थी. इसके बाद वो मुंबई आईं और एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा.
हाल ही में आशा ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया. उन्होंने टीवी से ब्रेक लेने और एक समय पर एक्टिंग छोड़ने का मन बनाने को लेकर भी खुलकर बात की.
बचपन से एक्ट्रेस बनना चाहती थीं आशा नेगी
SCREEN को दिए इंटरव्यू में आशा नेगी ने बताया कि वो बचपन से ही एक्ट्रेस और हीरोइन बनना चाहती थीं. उन्होंने कहा, ‘मैं बचपन से ही एक्ट्रेस, एक हीरोइन बनना चाहती थी. मैं प्रीति जिंटा और करीना कपूर को देखा करती थी और उनके जैसी बनने का सपना देखती थी. लेकिन मुझे कभी नहीं लगा था कि मेरा ये सपना पूरा होगा, क्योंकि हम देहरादून के एक मिडिल क्लास परिवार से थे और इंडस्ट्री में हमारी कोई पहचान या कनेक्शन नहीं था. मैंने मिस उत्तराखंड कॉम्पटीशन में पार्टीसिपेट किया और विनर बनी . इससे मेरा कॉन्फिडेंस बढ़ा.’
आशा ने बताया, ‘मेरी बहनों ने मुझसे बात करना तक बंद कर दिया था, क्योंकि वे मेरे इस फैसले के खिलाफ थीं. मेरी मां भी काफी डरी हुई थीं, क्योंकि मेरे जन्म से पहले मेरे एक भाई की डेथ हो गई थी. वो मुझे देहरादून से मसूरी तक जाने नहीं देती थीं, लेकिन वही पहली इंसान थीं, जिन्होंने समझा कि मुझे मुंबई आना जरूरी है.’
तीन महीने में मिला ‘पवित्र रिश्ता’ का ऑफर
एक्ट्रेस ने कहा, ‘मेरे पैरेंट्स मान गए थे, लेकिन उन्होंने मुझे खुद को साबित करने के लिए तीन महीने दिए. एक महीने के अंदर ही मुझे एक डेली सोप में कैमियो मिल गया. इसके बाद ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ में एक और कैमियो मिला और फिर ‘पवित्र रिश्ता’ में पूर्वी का रोल मिल गया.’

आशा नेगी ने बताया कि जब वो शुरुआत में मुंबई आई थीं, तब उन्होंने तय कर लिया था कि वो टीवी सीरियल्स में काम नहीं करेंगी. उन्होंने कहा, ‘शुरुआत में मुझे बहुत घमंड था कि मैं टीवी सीरियल्स नहीं करूंगी, सिर्फ एड्स और फिल्मों में काम करूंगी. मुझे कुछ भी पता नहीं था, लेकिन मेरा कॉन्फिडेंस अलग ही लेवल पर था. किसी ने मुझे समझाने की कोशिश की कि ये आसान नहीं है और अगर कोई छोटा रोल भी मिले तो उसे कर लेना चाहिए.’
क्यों छोड़ा था ‘पवित्र रिश्ता’?
कुछ साल पहले आशा नेगी ने ‘पवित्र रिश्ता’ छोड़कर टीवी इंडस्ट्री से दूरी बनाने का फैसला किया था. इसके पीछे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा, ‘मैंने ‘पवित्र रिश्ता’ इसलिए छोड़ दिया था, क्योंकि हर दिन एक ही तरह का काम करना बहुत मोनोटोनस हो गया था. मैं तीन साल से वही कर रही थी. इसके बाद मैंने कुछ रियलिटी शोज किए और मुझे हर वक्त काम करने की आदत हो गई थी. जो भी काम मिल रहा था, मैं बस करती जा रही थी. फिर एक महीने के अंदर मेरे दो शोज कैंसिल हो गए. मेरे लिए ये एक वेक-अप कॉल था. मैंने फैसला किया कि अब मैं कोई शो नहीं करूंगी, बल्कि खुद पर काम करूंगी.’

ब्रेक के दौरान खुद पर किया काम
आशा नेगी ने अपने करियर के उस दौर के बारे में आगे बात करते हुए कहा, ‘इंडस्ट्री में आने से पहले मैंने कुछ नहीं सीखा था, मैंने सब कुछ सेट पर ही सीखा. इंसान अपनी सफलता से ज्यादा अपनी असफलता के दौरान सीखता है. मैंने अच्छी फिल्में देखीं, एक्टिंग वर्कशॉप्स कीं और एक इंसान के तौर पर खुद पर भी काम किया. ये मेरे लिए काफी चैलेंजिंग और मुश्किल दौर था. इसलिए मैंने वो ब्रेक लिया.’
टीवी दूरी बनाने के बाद आशा नेगी ने ओटीटी की दुनिया में कदम रखा और ‘बारिश’, ‘क्रिमिनल जस्टिस 3’, ‘अभय 3’ समेत कई सीरीज में काम किया. हाल ही में वो सीरीज ‘अली बाबा और 40 भूत’ में नजर आई थीं.
