नवरात्रि की रातें, बेस पर बजते ढोल, डांडिया की खनक और हवा में तैरती एनर्जी. आज की पीढ़ी के लिए गरबा शायद सबसे बड़ा फेस्टिव वाइब, एस्थेटिक रील्स बनाने का मौका और दोस्तों के साथ घंटों झूमने का जरिया बन चुका है.
लेकिन कभी सोचा है कि जब हजारों लोग एक साथ, एक ही रिदम में गोल-गोल चक्कर काटते हैं, तो शरीर के भीतर वह अजीब सा करंट और पॉजिटिविटी कहां से आती है? जिसे हम सिर्फ एक डांस फॉर्म या कल्चरल पार्टी मान रहे हैं, वह असल में सनातन परंपरा का सबसे पुराना और पावरफुल ‘एनर्जी सर्किट’ है.
‘गर्भ दीप’: उस मिट्टी के मटके में छिपा सबसे बड़ा कोड
गरबा का नाम किसी म्यूजिक बीट से नहीं, बल्कि संस्कृत के शब्द ‘गर्भ’ से निकला है. पारंपरिक गरबा के बीचों-बीच जो मिट्टी का छेद वाला मटका रखा जाता है और जिसके अंदर एक अखंड दिया जलता है, उसे ‘गर्भ दीप’ कहते हैं.
यह कोई आम डेकोरेशन नहीं, बल्कि खुद ह्यूमन बॉडी का सटीक सिंबल है. वह छिद्रों वाला मिट्टी का मटका हमारा शरीर है, जो पंचतत्वों से बना है और जिसमें कई सेंसरी पोर्स हैं. उसके अंदर टिमटिमाता हुआ दीपक हमारी आत्मा यानी उस डिवाइन कॉन्शियसनेस का प्रतीक है, जो कभी नहीं बुझती. जब हम उसके चारों तरफ घूमते हैं, तो असल में हम इस शरीर के भीतर मौजूद ब्रह्मांडीय ऊर्जा को ट्रिगर कर रहे होते हैं.
वो गोल घेरा और घूमती दुनिया का टाइम-लूप
गरबा हमेशा एक बड़े सर्कल में ही क्यों खेला जाता है? कभी आपने ध्यान दिया है कि सौरमंडल में सारे ग्रह सूरज का चक्कर लगाते हैं और हमारी गैलेक्सी खुद एक चक्रव्यूह की तरह घूमती है?
गरबा का वह गोल घेरा जीवन के टाइम-लूप यानी जन्म, मृत्यु और पुनर्जन्म के चक्र को दिखाता है.
परिधि पर सब कुछ लगातार मूव कर रहा है, स्पीड बदल रही है, लोग बदल रहे हैं, लेकिन सेंटर में रखा वह ‘गर्भ दीप’ और मां की शक्ति बिल्कुल स्थिर है. इसका सीधा मतलब यह है कि दुनिया चाहे कितनी भी तेजी से बदले, आपकी जिंदगी का सेंटर और कोर हमेशा स्थिर और अटूट रहना चाहिए.
तीन तालियों का साउंडट्रैक और आंतरिक चक्रों का रीसेट
गरबा में बजने वाली तीन तालियां केवल ताल मिलाने के लिए नहीं हैं. इसके पीछे बाकायदा एक वाइब्रेशनल साइंस काम करता है. पहली ताली ब्रह्मा यानी क्रिएशन के नाम, दूसरी ताली विष्णु यानी प्रिजर्वेशन के नाम और तीसरी ताली महेश यानी ट्रांसफॉर्मेशन के नाम होती है.
जब हजारों हथेलियां एक साथ टकराती हैं, तो उससे जो ‘नाद’ पैदा होता है, वह एक साउंड थेरेपी की तरह काम करता है. यह साउंड वेव दिमाग के स्ट्रेस को खत्म कर हमारे शरीर के तीन बुनियादी गुणों… सत्व, रज और तम को एक लाइन में ला खड़ा करती है.
अगली बार जब आप डांडिया थामकर उस सर्कल में उतरें, तो सिर्फ स्टेप्स मैच मत कीजिएगा. उस सेंटर पर नजर रखिए, जहां वह दीपक जल रहा है. यह सिर्फ जमीन पर कदम थिरकाने का नाम नहीं, बल्कि अपनी आत्मा को ब्रह्मांड के सबसे बड़े सोर्स के साथ सीधे सिंक करने का त्योहार है.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
