Headlines

मेट्रो टिकट का नो ‘झामेला’, दुर्गा पूजा में QR स्कैन कर ‘छोले जाबे’!


दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता में पंडाल हॉपिंग (Pandal Hopping) के लिए मेट्रो सबसे भरोसेमंद जरिया है, लेकिन स्टेशनों पर टिकट के लिए लगने वाली लंबी कतारें अक्सर त्योहार का मजा किरकिरा कर देती हैं. पूजा की भारी भीड़ को देखते हुए कोलकाता मेट्रो ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है.

अब टोकन या स्मार्ट कार्ड के लिए कतार में खड़े होने के बजाय यात्री स्टेशन पर लगे क्यूआर कोड को सीधे मोबाइल से स्कैन करके टिकट बुक कर सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए फोन में कोई अलग से नया ऐप इंस्टॉल करने का झंझट भी नहीं है.

बिना कोई ऐप डाउनलोड किए स्टेशन पर कैसे बुक होगा टिकट?

अगर आप स्टेशन पहुंच चुके हैं और टिकट काउंटर पर भारी भीड़ है, तो वहां लगे आधिकारिक QR स्टिकर को अपने फोन के कैमरे से स्कैन कर लें. स्क्रीन पर लिंक खुलते ही ‘Buy QR Ticket’ का विकल्प दिखेगा. यहां आपको जहां उतरना है उस स्टेशन का नाम, यात्रियों की संख्या और अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद ऑनलाइन भुगतान पूरा करते ही ‘Download Ticket PDF’ का विकल्प मिल जाएगा, जहां से आप अपना डिजिटल टिकट फोन में सेव कर सकते हैं.

ध्यान रहे कि दीवार या पिलर पर लगा क्यूआर सिर्फ बुकिंग पेज खोलने के लिए है, वह टिकट नहीं है. एंट्री गेट (AFC Gate) की ओर बढ़ने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि पेमेंट के बाद मिला डिजिटल QR आपके मोबाइल में डाउनलोड हो चुका है, जिसे गेट पर लगे स्कैनर पर दिखाते ही दरवाजा खुल जाएगा.

स्टेशन पहुंचने से पहले ही Paytm से यूं तैयार रखें टिकट

अगर आप स्टेशन की सीढ़ियां उतरने से पहले ही टिकट अपनी जेब में चाहते हैं, तो यह काम पेटीएम से भी चुटकियों में हो सकता है. ऐप खोलकर सर्च बार में बस ‘Metro’ टाइप करें और ‘Kolkata Metro’ के तहत ‘Metro QR Ticket’ विकल्प चुन लें. यहां अपनी यात्रा का शुरुआती और आखिरी स्टेशन चुनकर भुगतान पूरा करें.

पेमेंट होते ही ‘View Ticket’ सेक्शन में आपका क्यूआर टिकट आ जाएगा. इसके अलावा कोलकाता मेट्रो का आधिकारिक ‘Aamar Kolkata Metro’ ऐप भी यही सुविधा देता है, जिससे यात्रियों को किसी कागजी टिकट की जरूरत नहीं पड़ती.

किन स्टेशनों पर मिलेगी यह खास सुविधा?

शुरुआती चरण में यह सर्विस शहर के सबसे ज्यादा व्यस्त रहने वाले 11 प्रमुख स्टेशनों पर शुरू की गई है. इनमें एस्प्लेनेड, दमदम, दक्षिणेश्वर, रवींद्र सरोबर, महानायक उत्तम कुमार, कालीघाट, हावड़ा, सियालदह, शोभाबाजार-सुतानूटी, साल्ट लेक सेक्टर V और दमदम कैंटोनमेंट शामिल हैं. मेट्रो प्रशासन का कहना है कि पूजा के दौरान यात्रियों के अनुभव को देखते हुए जल्द ही इसका दायरा अन्य सभी स्टेशनों तक बढ़ा दिया जाएगा.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *