Headlines

नाइजीरिया के बोर्नो में सेना के काफिले पर हमला, 15 लोगों की मौत


नाइजीरिया के बोर्नो में काफिले पर हमला हुआ है. इस हमले में 15 लोगों की मौत हो गई है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक दो सैनिकों ने बताया कि पूर्वोत्तर बोर्नो राज्य में एक काफिले के लैंडमाइन की चपेट में आने और उस पर गोलीबारी होने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई. मारे गए लोगों में नाइजीरिया के 10 सैनिक और ‘सिविलियन जॉइंट टास्क फोर्स’ के 5 सदस्य शामिल हैं.

सूत्रों के अनुसार, गैम्बोरू बटालियन के सैनिक शनिवार को गैम्बोरू नगाला और पड़ोसी देश कैमरून के बीच एक सड़क पर गश्त कर रहे थे. इसी दौरान एक पिकअप ट्रक के नीचे लैंडमाइन में विस्फोट हो गया. माना जा रहा है कि यह बारूदी सुरंग बोको हराम के विद्रोहियों ने बिछाई थी.

होते रहते हैं आम नागरिकों पर हमले

बोर्नो, बोको हराम और उससे अलग हुए गुट ‘इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस’ के नेतृत्व में चल रहे विद्रोह का केंद्र है. लगातार सैन्य अभियानों के बावजूद, ये दोनों समूह नाइजीरिया के उत्तर-पूर्व और इसके सीमावर्ती इलाकों में सैनिकों और आम नागरिकों पर हमले करते रहते हैं. वे इसके लिए सड़क किनारे बम लगाने और घात लगाकर हमला करने जैसे तरीकों का इस्तेमाल करते हैं.

सेना के प्रवक्ता कैप्टन मोहम्मद गोनी ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. सूत्रों ने बताया कि वाहन में सवार आठ सैनिक मौके पर ही मारे गए. इसके बाद हमलावरों ने एक दूसरे वाहन पर भी गोलीबारी की, जिसमें दो और सैनिक तथा ‘सिविलियन जॉइंट टास्क फोर्स’ के पांच सदस्य मारे गए. यह टास्क फोर्स सेना की मदद करती है. सूत्रों ने अपनी पहचान गुप्त रखने का अनुरोध किया, क्योंकि उन्हें मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं थी.

सूत्रों के अनुसार, छह घायल सैनिकों को इलाज के लिए मैदुगुरी के मैमलारी मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया. पिछले हफ्ते, बोको हराम के संदिग्ध लड़ाकों ने बोर्नो राज्य में एक सेना बेस पर सुनियोजित हमला करके कम से कम 10 सैनिकों की हत्या कर दी और कम से कम 20 अन्य को घायल कर दिया.

ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को बताया महान दोस्त, स्पेसएक्स के फैसले पर कहा- बिग थैंक्यू…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *