आगा सैयद रुहुल्ला के इस्तीफे के बाद से खबरों का दौर जारी है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस में सब कुछ ठीक नहीं है. ऐसा लगता है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी में जारी असंतोष पर अब डैमेज कंट्रोल में जुट गई है. अब इन खबरों को खुद नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने खारिज किया है.
उन्होंने दावा किया है कि पार्टी एकजुट है और मीडिया में किए जा रहे दावे गलत हैं. ये बातें फारूक अब्दुल्ला ने श्रीनगर में पार्टी के नेताओं और विधायकों के साथ बैठक के बाद कही हैं. इसके अलावा विधायक नजीर अहमद खान का बयान भी सामने आया है.
‘NC बिखरा हुआ है, ये खबरें गलत’
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “नेशनल कॉन्फ्रेंस बिखरा हुआ है, ये खबरें गलत हैं. जो लोग सोचते हैं कि वो इस संगठन को तोड़ सकते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि यह न तो कभी टूटा है और न ही कभी टूटेगा. उनके मुद्दे जायज थे और उन पर उचित ध्यान दिया गया है. सबकी बात सुनी गई है.
अब्दुल्ला ने आगे कहा, “कुछ कदम जल्द उठाए जाएंगे, जबकि बाकी कदम धीरे-धीरे उठाए जाएंगे. हम पार्टी और सरकार को मजबूत करेंगे ताकि लोगों की परेशानियों को दूर किया जा सके. विधायकों के जो भी मुद्दे हैं, उन्हें जल्द ही सुलझा लिया जाएगा.”
अब्दुल्ला ने कहा कि इसके साथ ही, राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) बहाल करने की हमारी लड़ाई, और अनुच्छेद 370 तथा 35A के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी, और इसे इसके अंतिम मुकाम तक पहुंचाया जाएगा.
नजीर अहमद ने कहा- सब ठीक है
वहीं, नजीर अहमद खान ने भी पार्टी में सब ठीक है, को साबित करने के लिए बयान दिया है और कहा है कि हम केवल कुछ समस्याओं को लेकर पार्टी के हाई कमान से मिले थे. उन्होंने कहा, “हम हर बार अपनी समस्याओं को लेकर पार्टी नेतृत्व के पास जाते हैं. कुछ दिन पहले हम एक जगह साथ बैठे थे, और मीडिया ने इसे ऐसे दिखाया मानो नेशनल कॉन्फ्रेंस से कोई अलग पार्टी बन गई हो. कोई नई पार्टी नहीं बनी है.”
उन्होंने आगे बताया कि हमारी कुछ समस्याएं थीं, जिन्हें हमने मुख्यमंत्री और फारूक साहब के सामने रखा, और उन्होंने हमें भरोसा दिलाया है कि इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा. चाहे राजनीतिक मुद्दे हों या अन्य मामले, कुछ समस्याओं का समाधान तुरंत किया जाएगा, जबकि बाकी पर धीरे-धीरे काम किया जाएगा.
