‘बिग बॉस OTT 2’ के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहते हैं. सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो सामने आते ही फैंस के बीच कई तरह की बातें शुरू हो जाती हैं. अब एक बार फिर एल्विश अपनी एक तस्वीर को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में उनकी एक मिस्ट्री गर्ल के साथ फोटो वायरल हुई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके डेटिंग की चर्चा होने लगी.
अब एल्विश ने खुद इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि हर लड़की के साथ उनका नाम जोड़ना बंद करें.
मिस्ट्री गर्ल के साथ फोटो हुई वायरल
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर एल्विश यादव की एक तस्वीर सामने आई थी. इसमें वो एक मिस्ट्री गर्ल के साथ नजर आ रहे थे. खास बात ये थी कि दोनों एक जैसे कपड़ों में दिखाई दे रहे थे. तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके रिश्ते को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए. कई लोगों ने इसे एल्विश की नई लव लाइफ से जोड़कर देखना शुरू कर दिया. हालांकि, इन चर्चाओं पर अब खुद एल्विश ने जवाब दिया है.
एल्विश यादव ने अफवाहों पर क्या कहा?
एल्विश यादव ने गुरुवार यानी 5 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने लोगों से बिना वजह उनका नाम किसी के साथ जोड़ने से बचने की अपील की. एल्विश ने लिखा, ‘दोस्तों, कृपया इस तरह हर चीज के साथ मेरा नाम जोड़ना बंद करें. वो सिर्फ मेरी दोस्त भी हो सकती हैं. हर बात को इतना गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है.’
Guys, please stop linking my name to everything like this. They could just be my friends too. Not everything needs to be taken so seriously.
— Elvish Yadav (@ElvishYadav) November 5, 2026
पहले भी इन एक्ट्रेसेस के साथ जुड़ चुका है नाम
वैसे ये पहली बार नहीं है जब एल्विश यादव का नाम किसी लड़की के साथ जोड़ा गया हो. इससे पहले भी उनका नाम कई एक्ट्रेसेस के साथ जुड़ चुका है. इनमें ईशा मालवीय, जन्नत जुबैर और जिया शंकर का नाम शामिल है. इन एक्ट्रेसेस के साथ एल्विश की दोस्ती और तस्वीरों को लेकर सोशल मीडिया पर कई बार डेटिंग की चर्चाएं हुई हैं.
फरवरी 2026 में भी एल्विश ने अपने नाम को अलग-अलग लोगों के साथ जोड़े जाने पर प्रतिक्रिया दी थी. उस समय उन्होंने कहा था, ‘मुझे तो ये भी नहीं पता कि अब तक कितने लोगों के साथ मेरा नाम जोड़ा जा चुका है.’
यूट्यूब से ‘बिग बॉस’ तक ऐसा रहा एल्विश यादव का सफर
एल्विश यादव ने अपने करियर की शुरुआत यूट्यूब पर मजेदार वीडियो बनाकर की थी. धीरे-धीरे उनके वीडियो लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए और उनकी फैन फॉलोइंग बढ़ती चली गई. हालांकि, उन्हें देशभर में सबसे ज्यादा पहचान ‘बिग बॉस OTT 2’ से मिली.
इस शो में उन्होंने बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट एंट्री ली थी और आखिर में ट्रॉफी अपने नाम कर ली. वो वाइल्ड कार्ड से शो जीतने वाले पहले कंटेस्टेंट बने थे. इसके बाद एल्विश ‘MTV रोडीज XX’ और ‘लाफ्टर शेफ्स’ जैसे शोज में भी नजर आए. उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा और अपने प्रोजेक्ट ‘औकात के बाहर’ के जरिए अभिनय में हाथ आजमाया.
बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं एल्विश यादव
एल्विश यादव अब बॉलीवुड में भी अपनी नई पारी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं. वो फिल्म ‘मालामाल वीकली 2’ से बॉलीवुड डेब्यू करने वाले हैं. इस फिल्म में उनके साथ परेश रावल, परिणीति चोपड़ा, राजपाल यादव और रवीना टंडन जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म के डायरेक्टर सुभाष काले हैं.
‘मालामाल वीकली 2’ के अलावा, एल्विश के पास रेमो डिसूजा के निर्देशन और विक्की जैन के प्रोडक्शन (वीजे फ्रेम्स) में बन रही एक अनटाइटल्ड एक्शन फिल्म भी है. इसमें उनके साथ टाइगर श्रॉफ और अभिषेक बनर्जी भी हैं. इसकी शूटिंग अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है.
