तेज गेंदबाज दीपक चाहर अचानक चर्चा में आ गए हैं. दरअसल, उन्हें 2026-27 सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में राजस्थान टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. आईपीएल में वह मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं. मुंबई ने उन्हें 9.25 करोड़ रुपये की मोटी रकम में खरीदा था. हालांकि, फ्रेंचाइजी अब उन्हें रिलीज भी कर सकती है.
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) ने रविवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए राजस्थान की 15 सदस्यीय टीम का एलान किया. दीपक चाहर को कप्तान और बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार को उप-कप्तान बनाया गया है. राजस्थान टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप ए में है. यह टीम अपने सभी सात लीग मैच मुंबई में खेलेगी, जिसकी शुरुआत 14 नवंबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच से होगी.
खलील अहमद को नहीं मिली जगह
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद सैयद मुश्ताक ट्रॉफी के लिए राजस्थान टीम में जगह नहीं बना सके हैं. वह अपनी पिछली टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए खेलते समय चोटिल हुए थे, और अब हैमस्ट्रिंग सर्जरी से उबर रहे हैं.
राजस्थान टीम में अनुभवी बाएं हाथ के बैटिंग ऑलराउंडर महिपाल लोमरोर और युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज कार्तिक शर्मा समेत मुकुल चौधरी शामिल हैं. ये सभी आईपीएल 2026 का हिस्सा थे. टीम के अन्य सदस्यों में अभिजीत तोमर, अजय राज सिंह, कुणाल सिंह राठौड़, हनी प्रताप सिंह और हिमांशु सिंह राणा शामिल हैं. रामनिवास गोलाडा, रोहन राजबहार, हिमांशु नेहरा और अभिषेक मुंड भी इस टूर्नामेंट के लिए चुनी गई टीम का हिस्सा हैं.
सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए राजस्थान की टीम- दीपक चाहर (कप्तान), मानव सुथार (उप-कप्तान), अजय राज सिंह, कार्तिक शर्मा, राहुल चाहर, रामनिवास गोलाडा, रोहन राजबहार, अभिजीत तोमर, हिमांशु सिंह राणा, हनी प्रताप सिंह, कुणाल सिंह राठौड़, महिपाल लोमरोर, मुकुल चौधरी, हिमांशु नेहरा और अभिषेक मुंड.
यह भी पढ़ें-
दिवाली के दिन ये क्या हो गया? एशिया कप में पाकिस्तान से हारा भारत; Hamza Zahoor ने छीनी जीत
