Headlines

तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसे में 8 की मौत, PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान


तमिलनाडु के तिरुचिरपापल्ली जिले में रविवार को हुए भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है.

PMO ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से मुझे गहरा दुख हुआ है. मैं उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.’

तमिलनाडु के तिरुचिरपापल्ली जिले में मुसिरी के पास रविवार को एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.

यह दुर्घटना थुरैयूर-मुसिरी सड़क पर जम्बुनाथपुरम के पास हुई, जब वाहन सड़क से उतरकर एक नीम के पेड़ से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को इलाज के लिए पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया.

शुरुआती खबरों से पता चला है कि यात्री नमक्कल जिले में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तंजावुर जिले के तिरुक्कट्टुपल्ली लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आगे की जांच चल रही है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *