Headlines

Delhi News: मातम में बदलीं खुशियां, दिल्ली पुलिस के जवान ने की डिलीवरी बॉय की हत्या, जानें पूरा मामला


राजनीति और समाज में संवेदनाओं की कमी की बात अक्सर होती है, लेकिन देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका से एक ऐसी जघन्य वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. जाफरपुर कलां इलाके में एक 2 साल के मासूम के बर्थडे पार्टी की खुशियां अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट और मातम में बदल गईं. एक ऐसा ‘खूनी खेल’ खेला गया, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. इस पूरी वारदात में खाकी को दागदार करने वाला कोई आम इंसान नहीं, बल्कि खुद दिल्ली पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल है.

कैसे खुशियाँ बदली मातम में?

26 अप्रैल की तड़के करीब 2:30 बजे जाफरपुर कलां इलाके में रूपेश कुमार के 2 साल के बेटे की बर्थडे पार्टी चल रही थी. लोग खुशी-खुशी जश्न मना रहे थे. पार्टी खत्म होने के बाद कुछ दोस्त और रिश्तेदार सड़क पर अपनी कैब का इंतजार कर रहे थे. उसी समय दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल नीरज वहां पहुंचता है और फिर जो हुआ, वो किसी खौफनाक फिल्म से कम नहीं था.

खाकी का अहंकार और ‘बिहारी’ अपशब्द

चश्मदीदों के मुताबिक, नीरज नशे में था या नहीं, ये अभी जांच का विषय है, लेकिन उसका अहंकार सातवें आसमान पर था. उसने अचानक अपना आपा खो दिया और गाली-गलौज करना शुरू कर दिया. उसने वहां खड़े युवकों को ‘बिहारी’ कहकर टारगेट किया और क्षेत्रीय अपशब्दों का जमकर इस्तेमाल किया. डरे हुए युवक हाथ जोड़कर उससे माफी भी मांग रहे थे, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी.

एक गोली से बर्बाद हुए दो परिवार

नीरज ने सारी हदें पार करते हुए अपनी पिस्टल निकाली और सरेआम फायरिंग शुरू कर दी. उसने 21 वर्षीय पांडव कुमार के सीने में गोली मारी. गोली का फोर्स इतना ज्यादा था कि वह पांडव के शरीर के आर-पार हो गई और उसके ठीक पीछे बैठे कृष्ण के पेट में जा धंसी. दोनों खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े. डिलीवरी बॉय के रूप में काम करने वाले पांडव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कृष्ण को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है.

चश्मदीद रुपेश ने बयां किया खौफनाक मंजर

वही रुपेश कुमार, जिनके बेटे का जन्मदिन था, ने पुलिस और मीडिया को आँखों देखा हाल सुनाते हुए कहा कि वे लोग अपने दोस्तों को छोड़ने बाहर आए थे, तभी नीरज आया और पिस्टल दिखाकर धमकाने लगा. वे लोग माफी भी मांग रहे थे लेकिन उसने नही सुनी और फिर अचानक गोली चला दी.

Delhi Weather: दिल्ली में बदलने वाला है मौसम! बारिश की संभावना, धूल भरी तेज आंधी का अलर्ट जारी

आरोपी हेड कांस्टेबल रोहतक से गिरफ्तार

आरटीआर अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि दो युवकों को गोली लगी है, जिसमें एक मृत और एक घायल है. जाँच के बाद पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल नीरज को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की फोटो भी जारी की है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस पूरी वारदात ने पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है और उन पर भी सवाल खड़े किए हैं जो जनता की सुरक्षा के लिए तैनात हैं.

तनावपूर्ण है माहौल

वारदात के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है. लोग खाकी दागदार होने और सरेआम गोलियां चलने से डरे हुए हैं. क्या इस मामले में सख्त कार्रवाई होगी? क्या खाकी का अहंकार इसी तरह मासूमों की जान लेता रहेगा? ये कुछ ऐसे सवाल हैं जो अब हर किसी के जेहन में हैं.

अरविंद केजरीवाल के बाद मनीष सिसोदिया का भी बड़ा फैसला, चिट्ठी में लिखा- ‘और कोई रास्ता नहीं बचा है’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *