बिहार में नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री का नाम फाइनल हो गया है. अब बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बनने की राह साफ हो गई है. सम्राट चौधरी प्रदेश में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. इस बीच अब डिप्टी सीएम के नाम को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए राजी नहीं हैं. कहा जा रहा है कि वो अभी संगठन के लिए काम करना चाहते हैं.
डिप्टी सीएम कौन?
सूत्रों के मुताबिक, बिहार में दो डिप्टी सीएम होंगे. एक तरह से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री और बीजेपी के जो दो उपमुख्यमंत्री का फार्मूला था, उसी को उल्टा किया जा रहा है. सूत्रों की मानें तो JDU के विजेंद्र यादव और विजय चौधरी को डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे.
बुधवार को नहीं होगी मंत्रियों की शपथ
सम्राट चौधरी बुधवार (15 अप्रैल) को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. उनके साथ दो डिप्टी सीएम शपथ लेंगे. इसके अलावा किसी मंत्री की शपथ नहीं होगी.
नितिन नवीन ने सम्राट चौधरी को दी बधाई
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सम्राट चौधरी को NDA विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई दी. उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके सक्षम नेतृत्व में बिहार प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के मार्ग पर आगे बढ़ेगा और ‘विकसित बिहार 2047’ के संकल्प को नयी ऊर्जा और गति मिलेगी.”
इससे पहले दिन में सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का भी नेता चुना गया था. बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है. चौधरी ने RJD और जदयू में करीब 12 वर्ष बिताने के बाद वर्ष 2017 में BJP का दामन थामा था. राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया.
