अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार 2’ और ‘दे दे प्यार दे 2’ बॉक्स ऑफिस पर ठंडी साबित हुई थी. हालांकि एक्टर की इस साल आई ‘धमाल 4’ ने उन्हें सफलता का स्वाद फिर से चखा दिया. ‘धमाल 4’ की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस काफी शानदार रही है. वहीं अब एक्टर अपनी ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ के तीसरे पार्ट से धमाल मचाने की तैयारी कर रहे हैं.
अजय की ये क्राइम थ्रिलर उनकी अब तक की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन सकती है. वहीं अगर ये फिल्म 300 करोड़ क्लब में एंट्री करती है तो ये अजय एक बड़ा रिकॉर्ड बना देंगे.
‘दृश्यम’ के तीसरे पार्ट को लेकर फैंस में जबरदस्त एक्साइटमेंट
बता दें कि ओरिजनल ‘दृश्यम’ की शुरुआत मोहनलाल ने साल 2013 में की थी. वहीं इसके ऑफिशियल हिंदी रिमेक में अजय देवगन ने गर्दा उड़ा दिया था. इस फ्रेंचाइजी के दोनों पार्ट में अजय ने विजय सलगांवकर का किरदार निभाया जो खूब पॉपुलर हुआ. दिलचस्प बात ये है कि ‘दृश्यम’ के हिंदी रीमेक को न सिर्फ क्रिटिक्स की तारीफ मिली थी, बल्कि फ्रेंचाइजी ने बॉक्स-ऑफिस पर जबरदस्त कामयाबी भी हासिल की थी. ऐसे में ‘दृश्यम’ के हिंदी रिमेक के तीसरे पार्ट को लेकर पहले ही लोगों में काफी एक्साइटमेंट है.
‘दृश्यम 3′ कर सकती है 300 करोड़ क्लब में एंट्री
बता दें कि दृश्यम 2′ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 241 करोड़ रुपये (नेट) की शानदार कमाई की थी. फिल्म के शानदार ट्रैक रिकॉर्ड और पॉपुलैरिटी को देखते हुए, बॉक्स ऑफिस के जानकारों का अनुमान है कि ‘दृश्यम 3’ कम से कम 300 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई करेगी.
बॉलीवुड की आम ‘सीक्वल’ फिल्मों के उलट, ‘दृश्यम 3’ से उम्मीद है कि यह न केवल शानदार ओपनिंग करेगी, बल्कि लंबे समय तक बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी भी रहेगी.
ये भी पढ़ें:-Wednesday BO: बुधवार को ‘स्पाइडर मैन’ से ‘धमाल 4’ और ‘जन नायकन’ तक किसने किया कितना कलेक्शन, जानें- रिपोर्ट
‘दृश्यम 3’ बना सकती है तगड़े रिकॉर्ड
भारतीय सिनेमा में कई पॉपुलर फिल्म फ्रैंचाइजी के तीसरे पार्ट आए हैं, लेकिन उनमें से किसी ने भी भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये की नेट कमाई नहीं की है. ऐसे में अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ 300 करोड़ रुपये का क्लब जॉइन करने वाली पहली भारतीय थ्रीक्वल बनकर इतिहास रच सकती है . अगर ऐसा होता है तो यह अजय देवगन के लिए एक बड़ी अचीवमेंट होगी.
हालांकि ये तो रिलीज के बाद ही पता चल पाएगा कि ‘दृश्यम 3’ कितनी कमाई कर पाती है और कौन से रिकॉर्ड बना पाती है.
‘दृश्यम 3′ के बारे में
बता दें कि ‘दृश्यम 3’ सिनेमाघरों में 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के नेशनल हॉलीडे के दिन दस्तक देगी. इस फिल्म को अभिषेक पाठक ने डायरेक्ट किया है और कुमार मंगत पाठक ने इसे प्रोड्यूस किया है. स्टार कास्ट की बात करें तो इस फिल्म में एक बार फिर तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता अपनी भूमिका दोहराते दिखेंगे. जबकि जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की फिल्म में नई एंट्री हुई है.
