Headlines

Himachal Pradesh News: भीषण गर्मी से बचने हिमाचल पहुंचे सैलानी, शिमला-मनाली में होटल फुल, सड़कों पर लंबा जाम


मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब बड़ी संख्या में पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल शिमला और मनाली इन दिनों सैलानियों से गुलजार हैं. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं. बढ़ती भीड़ का असर अब सड़कों, होटलों और बाजारों में साफ दिखाई देने लगा है.

गर्मी का असर जैसे-जैसे मैदानी इलाकों में बढ़ रहा है, वैसे-वैसे शिमला में पर्यटकों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है. पहाड़ों की ठंडी हवाएं और सुहावना मौसम लोगों को अपनी ओर खींच रहा है. खासकर वीकेंड पर शिमला की माल रोड, रिज मैदान और कुफरी जैसे पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है.

Himachal Panchayat Chuanv: BJP के जीत के दावों पर भड़के विक्रमादित्य सिंह, ‘जल्दबाजी में…’

पर्यटक भी मान रहे हैं कि मैदानों की चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए शिमला सबसे बेहतर जगहों में से एक है. कई परिवार छुट्टियां बिताने और बच्चों के साथ समय गुजारने के लिए यहां पहुंच रहे हैं.

24 दिनों में 6 लाख से ज्यादा वाहन पहुंचे

शिमला पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक 1 मई से 24 मई तक करीब 6 लाख 31 हजार वाहन शिमला पहुंचे हैं. इनमें सबसे ज्यादा वाहन सोलन की तरफ से आए. अकेले सोलन मार्ग से करीब 3 लाख 70 हजार गाड़ियां शिमला दाखिल हुईं.

वहीं पिछले एक सप्ताह में ही 1 लाख 54 हजार 450 वाहन शहर में पहुंचे. हैरानी की बात यह है कि सिर्फ पिछले तीन दिनों में करीब 70 हजार वाहन शिमला पहुंचे हैं.

बढ़ती गाड़ियों की वजह से शहर के कई हिस्सों में लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिल रहा है. खासकर वीकेंड और शाम के समय पर्यटकों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है. पुलिस और प्रशासन ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं.

होटल कारोबारियों के चेहरे खिले

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल व्यवसाय से जुड़े लोग काफी खुश नजर आ रहे हैं. होटल एसोसिएशन के सदस्य डॉ. राजीव सूद का कहना है कि इस बार गर्मी ज्यादा पड़ने के कारण पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

उन्होंने बताया कि शिमला और आसपास के इलाकों में होटलों की करीब 80 फीसदी एडवांस बुकिंग हो चुकी है. वीकेंड पर तो कई होटल पूरी तरह फुल चल रहे हैं. उनका कहना है कि अगर मौसम ठीक रहा तो इस बार पर्यटन सीजन जुलाई तक अच्छा चल सकता है.

होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि पिछले कुछ वर्षों में कोविड और प्राकृतिक आपदाओं से जो नुकसान हुआ था, उसकी भरपाई इस सीजन में हो सकती है.

नगर निगम ने भी की तैयारी

पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नगर निगम शिमला भी पूरी तैयारी में जुटा हुआ है. नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है और होटलों को नियमित पानी की सप्लाई दी जा रही है ताकि पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो.

उन्होंने बताया कि नई पार्किंग का उद्घाटन जून के पहले सप्ताह में किया जाएगा. इससे शहर में पार्किंग की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है. मेयर ने पर्यटकों से अपील की है कि वे शहर की साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें और कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय तय जगहों पर ही डालें.

पर्यटन सीजन को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पर्यटन स्थलों पर दुकानों को 24 घंटे तक खोलने की अनुमति देने की बात कही है.

सरकार का कहना है कि इससे पर्यटकों को खाने-पीने और जरूरी सामान की दिक्कत नहीं होगी. साथ ही पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी फायदा मिलेगा.

हर साल करोड़ों पर्यटक पहुंचते हैं हिमाचल

हिमाचल प्रदेश देश के सबसे पसंदीदा पर्यटन राज्यों में गिना जाता है. हर साल यहां 1.40 करोड़ से लेकर 2 करोड़ तक पर्यटक पहुंचते हैं. इनमें करीब 1.50 करोड़ घरेलू और लगभग 84 हजार विदेशी सैलानी शामिल होते हैं.

Watch: कसौली से तारा देवी तक धधके जंगल, एयरफोर्स स्टेशन के पास पहुंची आग, हेलीकॉप्टर से बुझाई लपटें

पर्यटकों की संख्या के मामले में शिमला सबसे आगे है, जहां हर साल करीब 28.74 लाख लोग पहुंचते हैं. इसके बाद कुल्लू और सोलन का नंबर आता है.

हालांकि पिछले कुछ वर्षों में कोविड महामारी और प्राकृतिक आपदाओं ने हिमाचल के पर्यटन कारोबार को बड़ा नुकसान पहुंचाया था. लेकिन इस बार बढ़ती पर्यटकों की संख्या से पर्यटन कारोबारियों को अच्छे सीजन की उम्मीद नजर आ रही है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *