प्रयागराज मंडल में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आकर 4 लोगों की मौत हो गई है. दरअसल, प्रयागराज मंडल के करछना–भीरपुर खंड के बीच गाड़ी नंबर 12312 (डाउन दिशा) के गार्ड और लोको पायलट ने शाम सवा 6 बजे पर ट्रैक पर शव देखे जाने की सूचना दी. इसके बाद इस ट्रेन को रोका गया और तभी गाड़ी नंबर 12801 (अप दिशा) में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस शाम 6 बजकर 47 मिनट पर उसी जगह से गुजर रही थी.
इसी दौरान 4 व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गए और इन सभी की मौके पर ही मौत हो गई. रेलवे की ओर से कहा गया है कि घटना को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है. बुधवार शाम पचदेवरा ओवरब्रिज के पास ये हादसा हुआ.
चार मृतकों में से तीन की पहचान हुई
रेलवे एसपी प्रशांत वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल चार मृतकों में से तीन की पहचान हो गई है. रेलवे इसकी पूरी जांच कर रही है. अगर कोई क्रिमिनल एंगल पाया जाता है तो जीआरपी (GRP) और पुलिस की तरफ से भी कार्रवाई की जाएगी. मृतकों के परजिनों को रेलवे की तरफ से पूरी सहायता दी जा रही है.
कैसे हुआ हादसा?
जीआरपी के एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया, ”आज शाम कालका एक्सप्रेस से कटकर एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी जिसकी वजह से ट्रेन रुक गई थी. इस ट्रेन के यात्री उत्सुकतावश नीचे उतर आए, तभी दूसरे ट्रैक पर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन आ गई जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई.”
यूपी और बिहार के रहने वाले थे मृतक
सहायक पुलिस आयुक्त (करछना) सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के सिवान निवासी बलिराम (36), उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के निवासी सुनील कुमार (24) और फिरोजाबाद के निवासी आकाश (17) के रूप में हुई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया गया है.”
