भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक SUV की मांग बढ़ रही है. यही वजह है कि ऑटोमोबाइल कंपनियां बड़ी और ज्यादा फीचर वाली इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर ध्यान दे रही हैं. ऐसे में Tata Motors अपनी लोकप्रिय SUV Safari का इलेक्ट्रिक वर्जन लाने की तैयारी में है. Tata Safari EV को SUV जनवरी 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है. यह कंपनी की इलेक्ट्रिक कारों की रेंज में फ्लैगशिप के तौर पर आ सकती है. हालांकि कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट और सभी फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
Safari अपने बड़े केबिन और तीन-रो वाली सीटिंग के लिए जानी जाती है. इलेक्ट्रिक वर्जन में भी इसी को बरकरार रखने के साथ आधुनिक तकनीक और बेहतर ड्राइविंग अनुभव देने की उम्मीद है. यह SUV खास तौर पर उन कस्टमर्स को आकर्षित कर सकती है, जो परिवार के लिए बड़ी इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं.
80 kWh तक की बैटरी
Tata Safari EV की सबसे अहम खासियत इसकी बैटरी और ड्राइविंग रेंज हो सकती है. हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 65 kWh और 75 kWh के बैटरी पैक दिए जा सकते हैं. वहीं टॉप वेरिएंट में 80 kWh की बड़ी बैटरी मिलने की भी संभावना जताई गई है. बड़ी बैटरी के साथ कंपनी की इस SUV की दावा की गई रेंज 600 किलोमीटर से अधिक हो सकती है. अगर टाटा मोटर्स इस SUV में बड़ी बैटरी और लंबी रेंज देती है, तो यह लोगों के लिए शानदार विकल्प हो सकती है, जिन्हें शहर के साथ लंबी दूरी की यात्रा भी करनी होती है.
RWD और AWD का मिल सकता है विकल्प
Safari EV को टाटा के Acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की उम्मीद है. यह वही प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल कंपनी की Harrier EV में भी किया गया है. रिपोर्ट्स के अनुसार नई SUV में रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) जैसे विकल्प मिल सकते हैं. RWD वर्जन में इलेक्ट्रिक मोटर पीछे के पहियों को ताकत देगी, जबकि AWD वर्जन में आगे और पीछे दोनों एक्सल पर मोटर मिल सकती हैं. इससे अलग-अलग ड्राइविंग परिस्थितियों में बेहतर पकड़ और परफॉर्मेंस मिलने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: क्या अपनी पुरानी कार को करा सकते हैं E100 में कन्वर्ट, क्या हैं इसके लिए नियम
केबिन में मिल सकता है ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप
Safari EV के इंटीरियर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों के आधार पर इसमें ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड मिलने की संभावना है. इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, बीच में टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और सामने बैठे यात्री के लिए अलग डिस्प्ले शामिल हो सकता है. इसके अलावा SUV में पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं. कुछ रिपोर्ट्स में डिजिटल इनसाइड रियर-व्यू मिरर और 540-डिग्री कैमरा सिस्टम का भी जिक्र है.
सुरक्षा के लिए मिल सकते हैं ADAS फीचर्स
टाटा की मौजूदा प्रीमियम SUVs को देखते हुए Safari EV में भी आधुनिक सुरक्षा तकनीक मिलने की उम्मीद है. इसमें Level 2 ADAS, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन से जुड़ी सहायता और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं. इलेक्ट्रिक SUV में बैटरी सुरक्षा भी अहम होगी. वहीं Tata Safari EV की संभावित शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 20 से 23 लाख रुपये के बीच हो सकती है. बड़े बैटरी पैक और AWD वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 30 से 32 लाख रुपये तक पहुंच सकती है.
यह भी पढ़ें: क्या After Market सनरूफ लगाने से घट जाती है कार की वारंटी, क्या हैं नियम?
