टीवी की दुनिया में हर दिन नए ट्विस्ट और टर्न देखने को मिलते हैं. आने वाले एपिसोड्स में कई रिश्तों की परीक्षा होगी तो कई बड़े खुलासे कहानी का रुख बदल देंगे. कहीं परिवारों में बढ़ेगा तनाव तो कहीं प्यार और भरोसे की अग्निपरीक्षा होगी. नए मोड़ और चौंकाने वाली घटनाओं से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होने वाला है. आइए जानते हैं टीवी के उन 5 पॉपुलर शोज के लेटेस्ट स्पॉइलर्स, जहां आने वाले दिनों में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलेगा.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ में पाखी और तोशू की चाल में आकर माही अनुपमा की टीम ‘लव यू जिंदगी कैफे’ छोड़ने का बड़ा फैसला लेगी. वो अनुपमा से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए रो पड़ेगी. वहीं 50 लाख रुपये की प्राइज मनी को लेकर शाह परिवार के बच्चों के बीच जमकर बहस होगी. बच्चों को पैसों के लिए लड़ता देख अनुपमा उन्हें करारा जवाब देगी. दूसरी तरफ, फूड कॉम्पटीशन में बा और वसुंधरा की वाइल्ड कार्ड एंट्री से मुकाबला और दिलचस्प होगा. वहीं प्रेम और अनुपमा की मुलाकात भी कहानी में नया मोड़ लेकर आएगी.
‘गंगा माई की बेटियां’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में बड़ा ट्विस्ट देखने को मिलेगा. खीर खाने के बाद सिद्धू की तबीयत अचानक बिगड़ जाएगी और उसे अस्पताल ले जाना पड़ेगा. इसके बाद पता चलेगा कि खीर में दालचीनी थी, जिससे सिद्धू को गंभीर एलर्जी है. सिद्धू की हालत बिगड़ते ही परिवार का गुस्सा स्नेहा पर फूट पड़ेगा. घरवाले उसे इस घटना का जिम्मेदार ठहराते हुए बहू मानने से इनकार कर देंगे. हालांकि, स्नेहा खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश करेगी, लेकिन उसकी बात सुनने के लिए कोई तैयार नहीं होगा.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
स्मृति ईरानी के शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में विरानी परिवार में बड़ा तूफान आने वाला है. 10 साल बाद वापस लौटी तृप्ति अपने पुराने बदले को पूरा करने के लिए नई साजिश रचेगी. वो सिड और समायरा को अपने इशारों पर नचाते हुए विरानी परिवार की खुशियों में दरार डालने की कोशिश करेगी. वहीं तुलसी विरानी की मिहिर को ढूंढने की कोशिशें जारी रहेंगी, लेकिन इस बार भी उसे निराशा हाथ लगेगी. मिहिर से जुड़ा एक अहम सुराग उसके हाथ से निकल जाएगा, जिससे तुलसी टूट जाएगी. दूसरी ओर, वैष्णवी के अधिकारों को लेकर शांतिनिकेतन में नया विवाद खड़ा होगा और परिवार के रिश्तों में तनाव बढ़ता नजर आएगा.
ये भी पढ़ें:- Friendship Day 2026: दोस्ती को और खास बना देंगे बॉलीवुड के ये आइकॉनिक गाने, फ्रेंडशिप डे पर जरूर सुनें
‘तुम से तुम तक’
जी टीवी के पॉपुलर शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में अनु पूरे परिवार के सामने मीरा पर पुष्पा जी के किडनैपिंग का आरोप लगाएगी, लेकिन मीरा खुद को बेगुनाह साबित करते हुए विक्टिम कार्ड खेलेगी. सबूत न होने की वजह से अनु मौके पर कुछ साबित नहीं कर पाएगी. मीरा का रोना देखकर यश अनु पर भड़क जाएगा और उस पर झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाएगा. वहीं, गायत्री भी अनु से सवाल करेगी, जबकि मानसी ये सब देखकर मन ही मन खुश होगी. दूसरी तरफ, अनु इस बात से परेशान हो जाएगी कि अब पूरा परिवार उसी पर शक करने लगा है.
‘वसुधा’
जी टीवी के पॉपुलर शो ‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में बड़ा ट्विस्ट देखने को मिलेगा. चंद्रिका पूरे परिवार के सामने वसुधा को अपनी बड़ी बहू मानते हुए चौहान परिवार का पुश्तैनी हार सौंप देंगी. वो कहेंगी कि यह हार सिर्फ परिवार की विरासत नहीं, बल्कि उन पर मांजी सा के अटूट विश्वास की निशानी है. चंद्रिका के इस फैसले के बाद घर का माहौल बदल जाएगा. वसुधा को रानी साहिबा पर नई साजिश का शक होगा, जबकि संतोष के बदले व्यवहार और गुरुजी की भविष्यवाणी के बाद चंद्रिका और दादी सा भी पूरे मामले की सच्चाई जानने में जुट जाएंगी.
ये भी पढ़ें:- Box Office: जन नायकन का दसवें दिन तूफान, इन 7 फिल्मों को बुरी तरह पछाड़ा
