यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर जेडीयू ने मंगलवार (15 सितंबर) को कहा कि बिल का प्रावधान देखने के पार्टी की चर्चा होगी और तब फैसला होगा. जेडीयू के सीनियर नेता और डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे. अब इस पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है.
जो बीजेपी चाहेगी, संजय झा करवाते हैं- तेजस्वी
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, “संजय झा ने जेडीयू को बर्बाद कर दिया है. जो बीजेपी चाहेगी वही जेडीयू में होता है. वही संजय झा करवाते हैं. हम लोगों ने विरोध किया था. हमारा विरोध हमेशा रहेगा, ऐसे कानून के खिलाफ.”
ये सरकार समाधान नहीं, समस्या देने आई- तेजस्वी
वहीं, पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर तेजस्वी यादव ने कहा, “ये सरकार समाधान देने के लिए नहीं बल्कि और समस्या देने के लिए आई है. भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ाने के लिए आई है. इनको बस अपनी तिजोरी भरनी है. ये लोग बिहार को बर्बाद कर दिए हैं. सब लोग परेशान है. बेरोजगारी से लोग परेशान हैं, शिक्षा ठीक नहीं है. सरकारी अस्पताल में प्लास्टर नहीं हो पा रहा है.”
बिहार को कोई सहयोग नहीं मिल रहा- नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक इनके हैं. कहां कुछ हो रहा है. बिहार को कोई सहयोग नहीं मिल रहा. बिहारियों के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है. बाढ़ को लेकर सीएम सम्राट चौधरी को पैकेज की डिमांड करनी चाहिए थी. हम लोगों को करना पड़ रहा है. क्या सम्राट चौधरी की सरकार को नहीं पता है कि बिहार को कितना नुकसान हुआ है या प्रधानमंत्री को बिहार की सरकार पर भरोसा नहीं है?”
बुधवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बिहार पहुंचेंगे, इस पर तेजस्वी यादव ने कहा, “कुछ लेकर आ रहे हैं या सिर्फ फोटो सेशन के लिए आ रहे हैं? राष्ट्रीय आपदा क्यों नहीं घोषित किया जा रहा है? बिहार में बाढ़ से लोग मर रहे हैं.”
UCC पर मतभेद, नीतीश कुमार ने की बैठक, JDU अब बोली, ‘…तो विरोध नहीं करेंगे’
