उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. अब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के बीच ये बयानबाजी देखने को मिल रही है. ये बयानबाजी चुनावों से पहले एक नए मुद्दे को बढ़ावा दे सकती है.
सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए एक बयान पर अखिलेश यादव ने निशाना साधते हुए एक एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि है सीएम के बयान का मतलब है कि बीजेपी के नेतृत्व वाला गठबंधन अधिकतम 80 सीटों पर ही लड़ने लायक है और सपा एनडीए से बेहतर है.
उप्र के मुख्यमंत्री जी का 80-20 से मतलब ये है कि उनका भाजपा गठबंधन अधिकतम 80 सीट पर ही लड़ने लायक होगा और पीडीए गठबंधन, एनडीए के मुक़ाबले 20 (बीस) साबित होगा।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 10, 2026
अखिलेश यादव का दावा- NDA पर PDA भारी
एक्स पर अखिलेश यादव ने लिखा, ‘उप्र के मुख्यमंत्री जी का 80-20 से मतलब ये है कि उनका बीजेपी गठबंधन अधिकतम 80 सीट पर ही लड़ने लायक होगा और पीडीए गठबंधन, एनडीए के मुक़ाबले 20 (बीस) साबित होगा.’ इस पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव ने सांकेतिक शब्दों में कहा है कि विधानसभा चुनावों में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन को हार मिलेगी. NDA इतना कमजोर पड़ेगा कि पूरी 403 विधानसभा सीटों में वो अधिकतम 80 सीटें ही जीत सकेगी और सपा का PDA गठबंधन NDA के मुकाबले 20 साबित होगा मतलब अधिक बेहतर प्रदर्शन करेगा.
योगी ने क्या कहा था?
बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर रविवार (8 नवंबर) को सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत में बीजेपी की जीत का दावा किया था. सीएम योगी ने साथ ही कहा था कि 2027 का विधानसभा चुनाव की लड़ाई 80 बनाम 20 की होगी. यह अनुपात मतदाताओं और सीटों, दोनों में ही दिखाई देगा. गौर करें तो सीएम योगी ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों का हवाला देते हुए ये बाते कहीं थी, जिसमें बीजेपी ने 10 में 8 और सपा ने केवल 2 सीटें जीती थीं.
ऐसा लगता है कि उन्होंने इसके जरिए चुनावों से पहले ही नैरेटिव स्थापित करने का प्रयास किया है कि आगामी विधानसभा चुनावों में 80 प्रतिशत मतदाता NDA और केवल 20 प्रतिशत मतदाता ही पीडीए के साथ हैं. इसके अलावा सीएम योगी ने कहा था कि जेन-जी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के साथ है और इस बार भी यूपी में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी.
