सोशल मीडिया पर जंगली जानवरों के एक से बढ़कर एक रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो सामने आते रहते हैं. लेकिन इस बार इंटरनेट पर जो क्लिप वायरल हो रही है, उसे देखकर किसी की भी सांसें अटक सकती हैं. जंगल में भालुओं के झुंड से घिरे एक शख्स ने जान बचाने के लिए पेड़ का सहारा लिया और उस पर चढ़ गया. लेकिन उसकी सांसें तब थम गईं जब भालू भी उसके पीछे-पीछे पेड़ पर चढ़ने लगे और एक भालू तो बिल्कुल उसके पैरों के पास पहुंचकर जूते सूंघने लगा. जिंदगी और मौत के बीच झूलते इस शख्स का खौफनाक वीडियो अब तेजी से देखा जा रहा है.
जान बचाने को पेड़ पर चढ़ा शख्स
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जंगल के बीचों-बीच एक शख्स भालुओं के हमले से बचने के लिए तेजी से एक बड़े पेड़ पर चढ़कर बैठ जाता है. नीचे भालू मौजूद थे. शख्स को लगा कि पेड़ पर ऊंचाई पर जाकर वह सुरक्षित हो जाएगा. लेकिन भालू बेहद चालाक निकले और उन्होंने हार नहीं मानी. भालू पेड़ पर चढ़ने की कोशिश करने लगे और शख्स के पास आने लगे. वीडियो को जिसने भी देखा उसका कलेजा कांप गया.
जूते तक पहुंच गया खूंखार भालू
रोंगटे खड़े कर देने वाला नजारा तब सामने आया जब भालू भी पेड़ के तने को पकड़कर ऊपर चढ़ने लगा. वीडियो में साफ दिख रहा है कि भालू शख्स के बेहद करीब पहुंच जाता है और उसके पैरों में पहने जूते को सूंघने और छूने लगता है. शख्स बिना हिले-डुले और बिना कोई हलचल किए सांस रोके पेड़ की डाल को पकड़े रहता है. जरा सी भी लापरवाही उसकी जान पर भारी पड़ सकती थी.
क्या पेड़ पर चढ़ सकते हैं?
भालू बहुत ही आसानी से और तेजी से पेड़ पर चढ़ सकते हैं. यह आम धारणा पूरी तरह से गलत है कि पेड़ पर चढ़कर भालू के हमले से बचा जा सकता है. भालुओं के पंजे बेहद मजबूत, लंबे और घुमावदार होते हैं जो पेड़ के तने और उसकी छाल में मजबूती से गड़ जाते हैं, जिससे उन्हें ऊपर चढ़ने में बेहतरीन ग्रिप मिलती है. खासतौर पर काले भालू पेड़ चढ़ने में बेहद माहिर होते हैं और किसी बिल्ली की तरह महज कुछ सेकंड में ऊंचे से ऊंचे पेड़ पर पहुंच जाते हैं. वहीं भारी-भरकम शरीर वाले भूरे भालू भी आसानी से पेड़ पर चढ़ सकते हैं. इसलिए जंगल में भालू का सामना होने पर पेड़ पर चढ़ना जान बचाने का सुरक्षित उपाय बिल्कुल नहीं माना जाता.
यह भी पढ़ें: VIDEO: और बन गई रील? नदी किनारे वीडियो बना रही थी लड़की, पैर फिसला और हो गया कांड
सोशल मीडिया यूजर्स की थमी सांसें
यह दिल दहला देने वाला वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है. खौफनाक मंजर देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान हैं और कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. एक यूजर ने लिखा… “इस शख्स के जिगरे की दाद देनी पड़ेगी, इतनी पास भालू को देखकर तो किसी को भी हार्ट अटैक आ जाए.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया…”भालू बहुत अच्छे से पेड़ पर चढ़ सकते हैं, इसलिए पेड़ पर चढ़ना हमेशा सुरक्षित नहीं होता, किस्मत अच्छी थी कि भालू ने हमला नहीं किया.” तीसरे यूजर ने लिखा…”वीडियो देखने मात्र से ही रोंगटे खड़े हो रहे हैं, उस इंसान पर क्या बीती होगी अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता.”
यह भी पढ़ें: Jeep Overloaded With Passengers: एक जीप पर सारा मोहल्ला, ड्राइवर की स्किल देख घूम गया यूजर्स का दिमाग; देखें वीडियो
