लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने सूर्यनगरी जोधपुर में जोरदार दस्तक दे दी है. झमाझम बारिश ने जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी है, वहीं कुछ ही घंटों की बारिश में शहर की तस्वीर पूरी तरह बदल गई.
सड़कों पर पानी का सैलाब उमड़ पड़ा, निचले इलाके जलमग्न हो गए और शहर की रफ्तार थम सी गई. इसके बावजूद, लंबे समय बाद बरसे बदरा को लेकर लोगों के चेहरों पर उत्साह साफ दिखाई दिया. सुबह से छाए काले बादलों ने अचानक जमकर बरसना शुरू किया. तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया.
CJP Protest: दिल्ली से निकली चिंगारी UP-बिहार से महाराष्ट्र तक…इन राज्यों में भी सज रहा जंतर-मंतर!
बारिश में दिखा उत्साह, बच्चों ने चलाई कागज की नाव
बारिश ने जहां यातायात और आम जनजीवन प्रभावित किया, वहीं शहर का एक खुशनुमा रंग भी देखने को मिला. भीतरी शहर की गलियों में बच्चे और युवा बारिश के पानी में मस्ती करते नजर आए. किसी ने कागज की नाव चलाकर बचपन की यादें ताजा कीं, तो कोई दोस्तों के साथ बारिश में भीगते हुए झूमता दिखा. कई परिवार घरों से बाहर निकलकर इस सुहाने मौसम और ठंडक का लुत्फ उठाते नजर आए.
- जलमग्न इलाके: हाथीराम का ओड़ा, मोती चौक, बंबा और भीतरी शहर के कई हिस्सों में भारी जलभराव देखने को मिला.
- नदी बनी सड़कें: कई प्रमुख सड़कें नदी जैसी नजर आने लगीं और तेज बहाव के कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
- ट्रैफिक जाम: वीर दुर्गादास ओवरब्रिज सहित कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. लोग बारिश थमने का इंतजार करते हुए ट्रैफिक जाम में फंसे रहे.
नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
इस बारिश ने एक बार फिर नगर निगम के दावों की पोल खोल दी है. थोड़ी ही देर की बारिश में कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ी. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल मानसून के दौरान यही हालात बनते हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से जल निकासी का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
26 जुलाई तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 26 जुलाई तक जोधपुर शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग और प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जलभराव वाले इलाकों और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचें और पूरी सावधानी बरतें. फिलहाल, जोधपुर में मानसून ने राहत और रोमांच के साथ-साथ प्रशासन की तैयारियों की परीक्षा भी शुरू कर दी है.
‘BJP राज में 12 पेपर हुए लीक, हमने बनाया देश का सबसे सख्त कानून’, अशोक गहलोत का बड़ा दावा
