राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ के एनडीएमसी फ्लैट्स, पालिका कुंज के बी-ब्लॉक में एक 28 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. महिला का शव बी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल के नीचे जमीन पर पड़ा मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतका की पहचान पुष्प विहार निवासी आकृति के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को महिला पालिका कुंज स्थित फ्लैट से संदिग्ध रूप से नीचे गिर गई थी. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दिल्ली में मानसूनी राहत जारी, आज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट; अगले 3 दिन में गिरेगा तापमान
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही है गहनता से जांच
पुलिस ने बताया कि आकृति की शादी इसी साल 24 अप्रैल 2026 को हुई थी. वह छतरपुर स्थित एक कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी. मामले में धारा 196 बीएनएसएस (BNSS) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मजिस्ट्रेट जांच (इनक्वेस्ट) के लिए एसडीएम (SDM) को सूचित कर दिया गया है. पुलिस फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
इस मामले में मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है. उन्होंने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि आकृति की शादी को अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए थे और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. आकृति के छोटे भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है और अब इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
ऑर्गनाइजर ने LK आडवाणी की बेटी प्रतिभा को किया सम्मानित, 80 साल पूरे होने का मनाया जश्न
