उत्तर प्रदेश के नोएडा समेत पूरे दिल्ली एनसीआर में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. सूरज के तीखे तेवर और लगातार बढ़ते तापमान ने हालात ऐसे बना दिए हैं कि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है. वहीं आँधी के साथ बारिश भी देखी जा रही है. गर्म हवाओं और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, वहीं इसका सीधा असर अब अस्पतालों में बढ़ती मरीजों की संख्या के रूप में देखने को मिल रहा है.
जैसे-जैसे तापमान में बारिश के चलते इजाफा हो रहा है, वैसे-वैसे हीट वेव के मामलों में भी देखा जा रही है. खासकर बुजुर्ग, बच्चे और बाहर काम करने वाले लोग इसकी चपेट में तेजी से आ रहे हैं. नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सरकारी व निजी अस्पतालों में उल्टी, चक्कर, डिहाइड्रेशन और बुखार जैसी शिकायतों के साथ मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है.
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट
ग़ौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है. अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाओं का भंडारण सुनिश्चित किया गया है. इसके अलावा डेंगू और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए विशेष वार्ड भी तैयार किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.
लापरवाही पड़ेगी भारी
विशेषज्ञों का कहना है कि लापरवाही इस मौसम में खतरनाक साबित हो सकती है. स्पेक्ट्रम अस्पताल की विशेषज्ञ डॉक्टर प्रतिभा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच. शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है, इसलिए अधिक से अधिक पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें.
विशेषज्ञ डॉक्टर प्रतिभा ने लोगों से यह भी सलाह दी कि बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें और धूप से बचाव के लिए चश्मे का इस्तेमाल करें. यदि किसी को चक्कर, घबराहट या कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें.
यह भी पढ़ें: बंगाल में BJP की जीत पर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने जताई आशंका, कहा- ‘डर है कि कहीं…’
