Headlines

भारतीय सीमा में घुस आए बांग्लादेशी, चाय किसान किया अपहरण, जानें पूरा मामला


जलपाईगुड़ी में बॉर्डर के पास शनिवार को बांग्लादेशी नागरिकों ने चाय उगाने वाले एक भारतीय किसान का अपहरण कर लिया. BSF द्वारा 2 दिन पहले एक बांग्लादेशी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया था. राजगंज ब्लॉक की कुकुरजन ग्राम पंचायत के तहत तासारपारा इलाके में 15 बांग्लादेशी भारतीय सीमा में घुस आए और दीपांकर गोप को खींचकर बांग्लादेश ले गए. 

चाय उगाने वाले भारतीय किसान दीपांकर अपने चाय के बागान में काम कर रहे थे. उसी दौरान कई बांग्लादेशी घुस गए और उन्हें खींचकर अपने साथ ले गए. दीपांकर का बागान बॉर्डर की बाड़ से 150 गज के अंदर और BSF की चौलहाटी चौकी के अधिकार क्षेत्र में आता है.

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें बांग्लादेशी नागरिक कह रहे हैं कि गोप को तब तक बंधक बनाकर रखा जाएगा जब तक भारत तमीजउद्दीन को रिहा नहीं कर देता. बता दें कि तमीजउद्दीन एक बांग्लादेशी घुसपैठिया है जिसे गुरुवार को BSF ने गिरफ़्तार किया था. धमकी देने वाले ग्रामीणों के साथ BGB के जवान भी खड़े देखे गए. 

दीपांकर गोप को छुड़ाने की कोशिश कर रही BSF 
BSF ने शनिवार शाम BGB के साथ एक फ़्लैग मीटिंग की, लेकिन गोप को छुड़ाने में कामयाब नहीं हो सकी. वह लगातार अपने बांग्लादेशी समकक्ष के संपर्क में है. राजगंज के MLA दिनेश सरकार ने कहा कि यह अपहरण शायद बदले की कार्रवाई हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है. बंगाल के परिवहन राज्य मंत्री आनंद बर्मन ने कहा कि राज्य सरकार BSF के साथ मिलकर काम कर रही है और उन्हें उम्मीद है कि गोप को जल्द ही वापस लाया जाएगा.

इसके बाद जलपाईगुड़ी जिला लघु चाय उत्पादक संघ के अध्यक्ष विजयगोपाल चक्रवर्ती ने सीमा के पास काम करने वाले किसानों के लिए बेहतर सुरक्षा की मांग की. उन्होंने पूछा, “अगर किसान भारतीय इलाके में अपनी जमीन पर सुरक्षित रूप से काम नहीं कर सकते, तो उनकी सुरक्षा के लिए कौन जिम्मेदार है?”

बांग्लादेशी मीडिया ने क्या बताया
बांग्लादेशी मीडिया ने यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ़ बांग्लादेश का हवाला देते हुए एक अलग जानकारी दी. इसके मुताबिक पंचगढ़ में सीमा पर रहने वाले लोगों ने एक भारतीय नागरिक को हिरासत में ले लिया. यह कार्रवाई BSF जवानों द्वारा 78 वर्षीय बांग्लादेशी व्यक्ति के कथित अपहरण के जवाब में की गई थी.

बांग्लादेश से मिली स्थानीय जानकारी के अनुसार, गोप को सतमारा यूनियन में मेन पिलर नंबर 742 के सब-पिलर नंबर 12 के पास बांग्लादेशी इलाके में गन्ने के खेत में घुसने के बाद हिरासत में लिया गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि तमीजउद्दीन एक बांग्लादेशी किसान थे, जो बुधवार को अपनी खोई हुई गाय को खोजने के लिए सीमावर्ती इलाके में गए थे, तभी उन्हें कथित तौर पर चौलहाटी कैंप के BSF जवानों ने पकड़ लिया.

ये भी पढ़ें

अब दोबारा से होगी आरजीकर अस्पताल रेप मर्डर केस की जांच, शुभेंदु सरकार का फैसला



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *