एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मायसा’ को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में वह फिल्म के प्रमोशन के लिए ‘बिग बॉस तेलुगु 10’ के सेट पर पहुंचीं. यहां रश्मिका की मुलाकात अपने कॉलेज के एक पुराने सीनियर से हो गई. यह जानकर एक्ट्रेस हैरान रह गईं कि शो के कंटेस्टेंट मुकेश गौड़ा कभी उनके सीनियर हुआ करते थे.
शो के रविवार के एपिसोड में होस्ट नागार्जुन ने रश्मिका का सभी कंटेस्टेंट्स से परिचय करवाया. इसके बाद उन्होंने मुकेश गौड़ा को रश्मिका से कन्नड़ में बात करने के लिए कहा. दोनों ने मैसूर और बेंगलुरु की कन्नड़ में एक-दूसरे से बातचीत की.
इसी दौरान मुकेश ने रश्मिका को बताया कि वह कॉलेज में उनके सीनियर थे. यह सुनते ही रश्मिका के चेहरे पर हैरानी नजर आई. इसके बाद मुकेश ने अपने कॉलेज के दिनों का एक किस्सा भी साझा किया.
मुकेश गौड़ा ने बताया- कॉलेज में रश्मिका थीं जूनियर
मुकेश ने रश्मिका से कन्नड़ में कहा, ‘आप कॉलेज में मेरी जूनियर थीं.’ यह सुनकर रश्मिका हैरान रह गईं. मुकेश ने आगे बताया, ‘मेरे दोस्त आपके साथ पढ़ते थे और मैंने आपको वहां देखा था.’ रश्मिका ने इस मुलाकात पर खुशी जाहिर की और उन्हें शुभकामनाएं दीं.
बातचीत के दौरान मुकेश ने बताया कि उन्हें रश्मिका की फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ काफी पसंद आई थी. इस पर एक्ट्रेस ने उनसे कहा, ‘जब आप बिग बॉस के घर से बाहर आएं तो मेरी फिल्म ‘मायसा’ जरूर देखिएगा. मैंने इसमें एक्शन सीन भी किए हैं.’
मुकेश की टीम ने भी इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. इसके साथ लिखा कि कॉलेज के पुराने कनेक्शन से बिग बॉस के मंच पर हुई यह मुलाकात काफी खास रही.
इस टीवी शो से मिली मुकेश गौड़ा को पहचान
मुकेश गौड़ा टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं. उन्हें स्टार मां के शो ‘गुप्पेदंथा मनसु’ से पहचान मिली. इस शो में वह ऋषेंद्र भूषण नाम के गणित के प्रोफेसर और कॉलेज हेड का किरदार निभाते हैं. वहीं, रश्मिका ने स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई कूर्ग, मैसूर और बेंगलुरु में की है.
‘मायसा’ की रिलीज डेट हुई पोस्टपोन
वर्कफ्रंट की बात करें तो रश्मिका इस साल शाहिद कपूर और कृति सेनन के साथ फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में नजर आई थीं. इसके अलावा वह राहुल सांकृत्यायन की फिल्म ‘रणबाली’ में पति विजय देवरकोंडा के साथ दिखाई दीं. दोनों इससे पहले ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ में भी साथ काम कर चुके हैं.
अब रश्मिका की अगली फिल्म ‘मायसा’ है, जिसका निर्देशन रवींद्र पुल्ले ने किया है. यह फिल्म पहले 27 नवंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिलहाल इसकी रिलीज टाल दी गई है. मेकर्स ने अभी नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है.
