नोएडा में महंगे किराए और बड़ी-बड़ी हाउसिंग सोसाइटियों की सुविधाओं को लेकर एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. महिला ने अपनी सोसाइटी के बेसमेंट का वीडियो दिखाते हुए सवाल उठाया है कि जब लोग हर महीने हजारों रुपये किराए और मेंटेनेंस के नाम पर देते हैं, तो बारिश होते ही बेसमेंट में पानी क्यों भर जाता है. महिला ने तंज कसते हुए इसे सोसाइटी का “फ्री स्विमिंग पूल” तक बता दिया. वीडियो सामने आने के बाद महंगे किराए और सोसाइटी की सुविधाओं को लेकर बहस शुरू हो गई है.
30 हजार से ज्यादा किराया, फिर भी बेसमेंट में पानी
वायरल वीडियो नोएडा की कंटेंट क्रिएटर आंचल सिंह ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. वीडियो में वह अपनी रिहायशी सोसाइटी के बेसमेंट में भरे पानी को दिखाती नजर आ रही हैं. उनका कहना है कि वह हर महीने 30 हजार रुपये से ज्यादा किराया देती हैं. इसके अलावा करीब 3 से 4 हजार रुपये मेंटेनेंस चार्ज और बिजली का अलग बिल भी देना पड़ता है. लेकिन बारिश आते ही बेसमेंट की हालत ऐसी हो जाती है कि वहां पानी भर जाता है.
महंगी सोसाइटी, करोड़ों के फ्लैट और पानी से भरा बेसमेंट
आंचल ने वीडियो में सोसाइटी की महंगी कीमतों पर भी सवाल उठाया. उनका कहना है कि इसी सोसाइटी में करीब 2 करोड़ रुपये तक कीमत वाले फ्लैट हैं और लोग अपनी गाड़ियों और घरों पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी महंगी सोसाइटी में रहने के बावजूद बारिश के बाद बेसमेंट में पानी भरने जैसी समस्या क्यों बनी हुई है.
मेंटेनेंस के नाम पर बिल, लेकिन समस्या जस की तस
महिला ने सोसाइटी में लंबे समय से चल रहे निर्माण और मेंटेनेंस के काम पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि यहां साल के 365 दिन किसी न किसी तरह का निर्माण या काम चलता रहता है. उनका कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर लगातार बिल आते हैं और सुविधाओं के लिए अलग से पैसे लिए जाते हैं, लेकिन जब बुनियादी सुविधा की बात आती है तो सिर्फ यही कहा जाता है कि सोसाइटी के कल्याण के लिए काम चल रहा है.
आंचल का कहना है कि वह पिछले करीब 6 साल से यही बात सुन रही हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अभी तक नजर नहीं आया.
बोलीं- घर मिल रहा है या सिर्फ महंगा Address?
आंचल ने नोएडा में रहने वाले खासकर बैचलर्स के खर्च पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि जो लोग 30 से 40 हजार रुपये महीने का किराया देते हैं, उन्हें सोचना चाहिए कि उन्हें वास्तव में घर मिल रहा है या सिर्फ एक महंगा पता. उनका कहना है कि इतना पैसा देने के बाद भी अगर बारिश में बेसमेंट में पानी भर जाए और बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े हों, तो यह चिंता की बात है.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली की बारिश में जूबी डूबी पर थिरकीं हसीनाएं, वीडियो देख बन जाएगा दिन
वीडियो पर लोगों की अलग-अलग राय
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों ने महंगे किराए और सोसाइटी के मेंटेनेंस चार्ज को लेकर महिला की बात का समर्थन किया. कुछ यूजर्स ने कहा कि बड़ी-बड़ी सोसाइटियों में रहने के लिए लोग भारी रकम खर्च करते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर बुनियादी सुविधाएं भी मिलनी चाहिए. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या सिर्फ एक सोसाइटी की नहीं, बल्कि कई शहरों की बड़ी समस्या बन चुकी है.
यह भी पढ़ेंः मां के दर्द पर रो पड़े आनंद महिंद्रा, स्मृति ईरानी को दिया ये जवाब
